भोपालपटनम में बार-बार विद्युत अवरोध का प्रमुख कारण सिंगल लाइन व्यवस्था, डबल लाइन की मांग तेज
भोपालपटनम / बीजापुर। क्षेत्र में लगातार हो रहे विद्युत अवरोध से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस समस्या का मुख्य कारण आवापल्ली चौक से मद्देड तक केवल एक 33 केवी विद्युत लाइन का होना है, जो घने जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरती है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में बीजापुर तक विद्युत आपूर्ति टावर लाइन के माध्यम से होती है। वहीं बीजापुर से भोपालपटनम तक टावर लाइन का कार्य प्रस्तावित एवं स्वीकृत बताया जा रहा है, किंतु इसके पूर्ण होने में अभी कई वर्ष लग सकते हैं।
वर्तमान व्यवस्था के तहत बीजापुर से आवापल्ली चौक तक डबल 33 केवी लाइन उपलब्ध है, जबकि आवापल्ली चौक से मद्देड तक केवल सिंगल लाइन संचालित है। इसके बाद मद्देड से भोपालपटनम तक पुनः डबल लाइन उपलब्ध है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आवापल्ली चौक से मद्देड तक की सिंगल लाइन घने जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरती है। पेड़ों के गिरने, शाखाओं के लाइन से टकराने तथा दुर्गम क्षेत्र होने के कारण फॉल्ट ढूंढने और सुधार कार्य में काफी समय लग जाता है, जिससे विद्युत आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि आवापल्ली चौक से मद्देड तक भी डबल लाइन स्थापित कर दी जाए तो विद्युत आपूर्ति में सुधार संभव है। सड़क किनारे दूसरी लाइन होने से फॉल्ट की स्थिति में मरम्मत कार्य शीघ्र किया जा सकेगा तथा विद्युत अवरोध की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
स्थानीय नागरिकों ने शासन एवं विद्युत विभाग से मांग की है कि बीजापुर-भोपालपटनम टावर लाइन परियोजना पूर्ण होने तक अंतरिम व्यवस्था के रूप में आवापल्ली चौक से मद्देड तक डबल 33 केवी लाइन स्वीकृत की जाए। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारू एवं विश्वसनीय बन सकेगी।
क्षेत्रवासियों ने इस मांग को लेकर शीघ्र ही संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपने की बात भी कही है।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.