अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - मुम्बई से आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E464 से आज 22 कार्टून कोविशील्ड कोविड की वैक्सीन की दूसरी खेप छग की राजधानी स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंँच चुकी है। इसमें लगभग 2.65 लाख वैक्सीन है। आज पहुँची टीकों को नियमानुसार एयरपार्ट से लाकर राज्य वैक्सीन भंडार में रखा गया है। उसके बाद इन्हें आबंटन अनुसार जिलों में भेजा जायेगा। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वैक्सीन की यह खेप मंगलवार दोपहर 01ः30 बजे मुंबई से माना एयरपोर्ट पहुंँचनी थी, लेकिन मुंबई से वैक्सीन लोड नहीं हो पाने की वजह से तय समय पर नहीं पहुंँच सकी। प्रदेश में टीकों के सुरक्षित भंडारण और परिवहन के लिये अभी 630 क्रियाशील कोल्ड चेन प्वाइंट और 85 हजार लीटर से ज्यादा कोल्ड चेन स्पेस उपलब्ध हैं। इनके साथ ही 81 अतिरिक्त कोल्ड चेन प्वाइंट भी स्थापित किये गये हैं। वैक्सीन के परिवहन के लिये 01 हजार 311 कोल्ड बॉक्स उपलब्ध हैं। सीरिंज, नीडल और अन्य सामग्रियों के भंडारण के लिये प्रदेशभर में 360 ड्राई स्टोरेज भी बनाये गये हैं। बताते चलें कि कोरोना टीकाकरण अभियान को दो दिन पूरे हो चुके हैं। टीकाकरण के लिये प्रदेश में कुल 97 सेंटर्स में बनाये गये हैं। सभी सेंटर्स में 100 लोगों को टीका लगाया जाना है। पहले फेज में स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस और नगर निगम सफाईकर्मियों को टीका लगाया जायेगा। प्रदेश में पहले दिन 05 हजार 577 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। वहीं दूसरे दिन 05 हजार 280 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.