स्कूल बना तालाब - पढ़ाई कैसे हो सरकार ?
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चांपा - एक तरफ़ जहां केन्द्र और सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं अध्ययन हेतु आत्मानंद इंग्लिश स्कूल का प्रबंधन कर रही हैं वहीं दूसरी ओर कई ऐसे भी विद्यालय हैं जो थोड़ी सी बारिश में ही तालाब नजर आने लगता है। ऐसे विद्यालय में छात्र छात्राओं का जान को जोखिम में डालकर पढ़ने आना उच्च विभागीय अधिकारियों और शासन की लापरवाही को दर्शाता है।
कुछ ऐसा ही नजारा जिला मुख्यालय के बलौदा विकास खंड अंतर्गत अहाता विहीन शासकीय प्राथमिक विद्यालय कबीरधाम - बिरगहनी ( चांपा ) में देखने को मिला। आज़ जैसे ही विद्यार्थी यहां पहुंचे पता चला कि स्कूल तालाब में तब्दील हो गया है। शिक्षक और बच्चें बड़ी मुश्किल से शाला पहुँच रहे हैं। पानी से लबालब भरे परिसर से गुजर कर कक्षा में पहुंचना ही टेढ़ी खीर साबित हो रही है। विद्यालय परिसर में बारिश का पानी भरा होने से विद्यालय छोटा तालाब नजर आता है और इस पानी से गुजरना विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिये मजबूरी बन गया है। यहां होने वाली जलभराव ने सारी व्यवस्थायें अस्त व्यस्त कर दी हैं। विद्यालय परिसर में जल भराव के चलते उठने वाली दुर्गंध से गंभीर बीमारियों का प्रकोप की आशंकायें भरी हुई हैं। इस संबंध में अवगत कराते हुये विद्यालय की शिक्षिका सुश्री कमला देवी सोनी ने बताया कि बरसात में शिक्षक और बच्चों को शाला में बड़ी मुश्किल से बैठते बन रहा हैं। शाला में जगह जगह से पानी टपक रहा हैं। ऐसे में यहां बैठकर बच्चों का पढ़ना और शिक्षक का पढ़ाना एक समस्या बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से नये भवन तो बनाये जा रहें हैं परंतु पानी निकासी की व्यवस्था ही नहीं की गई हैं। उन्होंने आगे बताया कि शाला में आहता और शौचालय की भी व्यवस्था नहीं हैं। इस प्रकार से इस विद्यालय में समस्याओं का अंबार भरा पड़ा है जो शिक्षक एवं विद्यार्थियों दोनों के लिये चिंतनीय विषय है। इस संबंध में शशिभूषण सोनी ने शिक्षा धिकारियों को व्हाट्स ऐप के माध्यम से फोटो भेजकर और शीघ्रातिशीघ्र इस ओर ध्यान देकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने का निवेदन किया हैं। वहीं विद्यालय में जलभराव की स्थिति चिंताजनक है और इससे बीमारियों की आंशका से छात्र - छात्राओं सहित पालकगण भी काफी भयभीत हैं।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.