धर्मांतरण रोकने साहू समाज का बड़ा अभियान, घर-घर सर्वे कर प्रभावित परिवारों से करेगा संवाद
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू समाज ने धर्मांतरण की गतिविधियों पर रोक लगाने तथा धर्मांतरित परिवारों को पुनः अपने मूल धर्म से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह महत्वपूर्ण फैसला राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित साहू समाज भवन में आयोजित लगभग छह घंटे तक चली उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में समाज को संगठित करने, संस्कारों के संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू ने बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि समाज में संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए अब विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के कारण कई परिवार समाज से दूर हो गए हैं, जिन्हें पुनः जोड़ना समाज की प्राथमिकता होगी।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर विशेष समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां गांव-गांव और मोहल्लों में पहुंचकर धर्मांतरण से प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित करेंगी तथा सामाजिक जागरूकता का कार्य करेंगी।
अभियान के तहत घर-घर सर्वे कर ऐसे परिवारों की पहचान की जाएगी जिन्होंने किसी कारणवश अपना मूल धर्म छोड़ा है। सर्वे के आधार पर विस्तृत सूची तैयार कर संबंधित परिवारों से संपर्क किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, इसके बाद संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें पुनः सनातन परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह जनजागरण अभियान सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.