नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
जिला कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की ली जानकारी
कलेक्टर ने बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कवर्धा, 21 अगस्त 2026। नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं विभागीय कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे
कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इसके बाद कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और संबंधित विभागों में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करें। जिले के विकास को गति देने के लिए उत्कृष्टता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। कलेक्टर ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों का बेहतर समन्वय और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति राजस्व विभाग के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यों को अनिवार्य रूप से ई-फाइल के माध्यम से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, श्री सागर सिंह राज, श्री रामप्रसाद आचला, एसडीएम पंडरिया श्री संदीप ठाकुर, कवर्धा श्री चेतन साहू, लोहारा श्रीमती शिल्पा देवांगन, बोड़ला श्री आशुतोष शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रुचि शार्दूल, अधीक्षक श्री राजेंद्र धुर्वे सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.