छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण-2023 के लिए प्रगणक दलों का हुआ प्रशिक्षण
जिले के 77 सुपरवाइजर एवं 493 प्रगणक दल को सर्वेक्षण के संबंध में दी गई जानकारी
जिले के ग्रामीण परिवारों का 1 अप्रैल से प्रारंभ होगा सर्वेक्षण
कलेक्टर ने प्रगणक दलों को छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण-2023 के संबंध में दी जानकारी
कवर्धा, 29 मार्च 2023। जिले में छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण-2023 के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को पूर्ण करते हुए सुपरवाइजर एवं प्रगणक दलों को प्रशिक्षित कर उन्हें सर्वेक्षण के संबंध में सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। इस संबंध में ड्यूटी लगे सभी अधिकारियों–कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने जनपद पंचायत बोड़ला में प्रशिक्षण के दौरान प्रगणक दलों को छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण-2023 के संबंध में जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 2023 से 30 अप्रैल 2023 तक जिले के सभी 468 ग्राम पंचायतों में निवासरत प्रत्येक ग्रामीण परिवारों का सर्वेक्षण किया जाना है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायतों हेतु प्रगणक दलों का गठन किया गया है, जिनका प्रशिक्षण जनपद पंचायतों में संपन्न हुआ है। दो दिवसीय प्रशिक्षण में सर्वेक्षण के दौरान पूछे जाने वाले सभी विषयों की सम्पूर्ण जानकारी दल को दी गई। प्रगणक दलों को ग्राम पंचायतों में निरीक्षण के लिए एस ई सी सी-2011 की सूची,प्रधानमंत्री आवास स्थाई प्रतीक्षा सूची,आवास प्लस सूची,राशन कार्ड धारी परिवारों की सूची,धान विक्रय का किसान पंजीयन सूची एवं मनरेगा जॉब कार्ड की सूची दिया गया। उल्लेखनीय है कि प्रगणक दलों द्वारा ग्रामीणों की जानकारी ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएगी साथ ही शासन द्वारा निर्धारित प्रपत्र में भी ग्रामीणों की जानकारी एकत्रित किया जाना है।
जिले के प्रत्येक ग्रामीण परिवारों का होगा सर्वेक्षण, ऐप एवं निर्धारित प्रारूप में दर्ज की जाएंगी जानकारियां- कलेक्टर श्री महोबे
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे जनपद पंचायत बोड़ला में प्रशिक्षण के दौरान प्रगणक दलों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित ऐप में ग्रामीणों से पूछ कर सभी जानकारियां दर्ज करें। साथ मे शासन द्वारा निर्धारित प्रपत्र में ग्रामीण परिवारों की जानकारी दर्ज करते हुए परिवार के मुखिया से हस्ताक्षर कराएं। कलेक्टर ने सुपरवाइजर को निर्देश करते हुए कहा कि वह अपने आवंटित क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में नियमित भ्रमण कर प्रगणक दलों को सर्वेक्षण के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान ऐप में उल्लेखित सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा की राज्य शासन का यह अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। जिसे पूरी गंभीरता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाना है। प्रगणक दलों को निर्देशित किया गया कि वह सुनिश्चित करें कि उनको आवंटित ग्राम पंचायत में कोई भी ग्रामीण परिवार सर्वेक्षण से ना छूटे। साथ ही सभी ग्रामीण परिवारों से अपेक्षा है कि पूछे गए विषयों की जानकारियां सर्वेक्षण दल को दें।
ग्रामीण परिवारों से प्राप्त जानकारी भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए होगा उपयोग- सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले के 468 ग्राम पंचायतों के लिए 77 सुपरवाइजर एवं 493 प्रगणक दलों का गठन किया गया है जिसमे 986 सदस्य है। प्रत्येक ग्राम पंचायतों के लिए दो सदस्य दल बनाए गए हैं जिसमें एक महिला कर्मचारी भी शामिल है। ऐसे बड़ी ग्राम पंचायते जहां ग्रामीण परिवारों की संख्या अधिक है उन ग्राम पंचायतों के लिए एक से अधिक प्रगणक दल का गठन किया गया है। सभी दलों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी गई है सर्वेक्षण का कार्य 1 अप्रैल से प्रारंभ हो जाएगा। श्री संदीप कुमार अग्रवाल ने कहां की शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जन सामान्य के जीवन स्तर पर पड़े प्रभाव का आकलन कर प्राप्त डाटा का भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं नई योजनाओं के निर्माण हेतु शासन द्वारा किया जाएगा।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.