जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंग ने अधिकारियों से चर्चा की फिर समाधान निकला
रश्मिदेवी जलाशय से पानी लेकर सूखी नदी का भराव
खैरागढ़. शहर की जीवनदायिनी नदी को भरने और भीषण गर्मी में निस्तारी सहित जलस्तर बढ़ाने छुईखदान ब्लॉक के रश्मिदेवी जलाशय से पानी छोड़ा जाएगा। भीषण गर्मी के चलते शहर के तीनों नदी आमनेर, मुस्का सहित पिपरिया पूरी तरह सूख गई है। इसको लेकर खबर प्रकाशन होने के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने हर बार की तरह रश्मिदेवी जलाशय से पिपरिया नदी को भरने प्रयास शुरू किया है।
विक्रांत सिंह को शहर के विभिन्न वार्डों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्तर नीचे चले जाने से हो रही पेयजल संबंधी शिकायत पर कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा सहित जलसंसाधन विभाग के ईई से चर्चा कर रश्मिदेवी जलाशय से पानी देने बात की। अधिकारियों ने भी रश्मिदेवी बांध से जल्द पानी छोड़ने की जानकारी देते सिंह को बताया कि इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद शहर के पिपरिया नदी में पर्याप्त पानी भराव होने से आधे से ज्यादा शहर में जलस्तर बढ़ने में मदद मिलेगी तो दूसरी ओर आम लोगाें को निस्तारी में सुविधा होगी। मवेशियों के लिए भी पानी मिल सकेगा
जलस्तर गिरने से कई वार्ड में फेल हो गए बोर
शहर में बढ़ती गर्मी के चलते गिरते जलस्तर से कई वार्डों में निजी बोर पूरी तरह फेल हो चुके हैं। सिविल लाइन, दाउचौरा, पिपरिया वार्ड सहित आधा दर्जन वार्डों में घरों के बोर पानी की जगह हवा फेंक रहे हैं। ऐसी स्थिति हर बार मई माह के बाद आती है। लेकिन इस बार प्रचंड गर्मी के चलते मई माह की शुरुआत में ही स्थिति खराब हो गई है। बांध के पानी से पिपरिया नदी को भरने के लिए भी मई के दूसरे सप्ताह में व्यवस्था बनाई जाती रही है। लेकिन इस बार जलस्तर गिरने के चलते इसे समय से पहले किया जा रहा है। जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत ने बताया कि अधिकारियों ने जल्द बांध से पानी देने की बात कही है। इससे शहर में जलसंकट से काफी राहत मिल सकेगी।
सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.