घुम्मुर की बैगा महिला लमिया बाई को मिला आयुष्मान योजना का सहारा
(हड्डी टूटने पर तीन साल से ईलाज नहीं करा पा रही थी)
बिरसा/बालाघाटः जिले के दूरस्थ आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्राम घुम्मुर की निवासी बैगा जनजाति की लमिया बाई तीन सालों से अपना ईलाज नहीं करा पा रही थी। लगभग तीन साल पहले उसकी जांघ एवं कमर की हड्डी में फ्रेक्चर हो गया था। गरीबी के कारण वह अपना उपचार नहीं करा पा रही थी। लेकिन अब आयुष्मान योजना में उसका उपचार कराया जा रहा है और वह ठीक हो जायेगी। लमिया बाई आपरेशन के बाद अब पहले की तरह से अच्छी तरह से चल फिर सकेगी।
अशासकीय संस्था तथागत प्रबुद्ध फाउंडेशन की टीम गत दिवस ग्राम घुम्मुर में जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री प्रदाय करने पहुंची थी। तब इस संस्था के सदस्यों की नजर लमिया बाई पर पड़ी थी। लमिया बाई के पति सोनू बैगा ने बताया कि तीन साल पहले लमिया बाई की कमर एवं जांघ की हड्डी एक दुर्घटना में फ्रेक्चर हो गई थी। वह पत्नि को ईलाज के लिए बालाघाट लेकर गया था। लेकिन ईलाज में अधिक राशि लगने के कारण वे वापस आ गये थे। तब से लमिया बाई लकड़ी के सहारे से ही चलना-फिरना कर रही थी। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उसका सही उपचार नहीं हो पा रहा था।
अशासकीय संस्था तथागत प्रबुद्ध फाउंडेशन की टीम ने लमिया बाई एवं सोनू बैगा की स्थिति से कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, बैहर एसडीएम श्री तन्मय वशिष्ट शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडेय को अवगत कराया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस मामले के संज्ञान में आने पर त्वरित कार्यवाही की और 14 दिसंबर 2021 को लमिया बाई को एम्बुलेंस भेजकर घुम्मुर से बालाघाट लाया गया। लमिया बाई की पूरी जांच करने के बाद समाधान अस्पताल बालाघाट में उसका आपरेशन कराया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडेय ने बताया कि लमिया बाई का पूरा उपचार आयुष्मान योजना के अंतर्गत समाधान अस्पताल बालाघाट में कराया जा रहा है। आज 15 दिसंबर को रक्त की कमी के कारण उसके लिए एक यूनिट ब्लड भी जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक से उपलब्ध कराया गया है। डॉ पांडेय ने बताया कि लमिया बाई आपरेशन के बाद पूरी तरह से ठीक हो जायेगी और उसे चलने-फिरने व दैनिक कार्यों के लिए लकड़ी का सहारा लेने की जरूरत नहीं रहेगी। लमिया बाई और उसका पति सोनू बैगा जिला प्रशासन की इस तत्परता से खुश है ।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.