अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
पटना - सियासी उथलपुथल के बीच सरकार बदलने की कला में माहिर नीतिश कुमार कल दोपहर दो बजे राजभवन में रिकॉर्ड आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद का शपथ लेंगे। वहीं तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम बनेंगे , जबकि कैबिनेट विस्तार बाद में किये जाने की जानकारी मिली है। बताते चलें भारतीय जनता पार्टी से रिश्ता तोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने महागठबंधन का दामन थाम लिया और तेजस्वी यादव संग राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। इस बीच राज्यपाल फागू चौहान को दिये नीतीश कुमार के इस्तीफा को उन्होंने स्वीकार कर लिया और आगे उनसे राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का अनुरोध किया। कुल 164 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी राज्यपाल को सौंपी गई और सात पार्टियों के सहयोग से नई सरकार बनने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इस सरकार में 35 मंत्रियों का एक मजबूत मंत्रिमंडल देखने को मिल सकता है , जिसमें जेडीयू और आरजेडी दोनो के खाते में 14 मंत्रालय जा सकते हैं। वहीं कांग्रेस को तीन और लेफ्ट को दो मंत्रालय दिये जा सकते हैं। जीतराम मांझी की पार्टी को भी एक मंत्रालय दिया जा सकता है। अभी तक मंत्रिमंडल को लेकर कोई औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन नीतीश कुमार ने महागठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर चर्चा शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि नीतीश ने सहयोगी भाजपा का साथ नौ साल में दूसरी बार छोड़ा है। नरेंद्र मोदी को गठबंधन का प्रधानमंत्री पद के उम्मीद्वार बनाये जाने के बाद नीतीश कुमार ने वर्ष 2013 में एनडीए का साथ छोड़ दिया था।
जेडीयू की बैठक के बाद वे अपना इस्तीफा सौंपकर सहयोगी भाजपा पर 'पीठ में छुरा घोंपने' का आरोप लगाया गया। बिहार विधानसभा में सीटों के समीकरण पर नजर डालें तो राज्य विधानसभा में इस समय विधायकों की संख्या 242 है , जबकि बहुमत के लिये 122 विधायकों की आवश्यकता है। राजद के पास सबसे अधिक 79 विधायक हैं , इसके बाद भाजपा के पास 77 और जेडीयू के पास 44 विधायक हैं। जेडीयू को पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के चार विधायकों और एक निर्दलीय का भी समर्थन प्राप्त है। वहीं कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं , जबकि भाकपा (माले) के 12 और भाकपा तथा माकपा के पास दो-दो विधायक हैं। इसके अलावा एक विधायक असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन का है। बता दें कि नीतीश कुमार बिहार में 22 वर्षों से बतौर मुख्यमंत्री है। इससे पहले उन्होंने सात बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है और आज आठवां अवसर होगा जब नीतीश कुमार एक बार फिर से बिहार की कमान सम्हालेंगे।
कब-कब बने मुख्यमंत्री ?
पहली बार- तीन मार्च 2000 , दूसरी बार- 24 नवंबर 2005 , तीसरी बार- 25 नवंबर 2010 , चौथी बार- 22 फरवरी 2015 , पांचवीं बार- 20 नवंबर 2015 , छठी बार- 27 जुलाई 2017 , सातवीं बार- 25 नवंबर 2020 और आठवीं बार -10 अगस्त 2022 को नीतीश कुमार बिहार की कमान सम्हालेंगे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.