अरविन्द तिवारी
नई दिल्ली - भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी अरुण गोयल ने आज चुनाव आयुक्त का पदभार सम्हाल लिया। वे मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय के साथ निर्वाचन आयोग का हिस्सा होंगे। गोयल पंजाब कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं , उन्होंने रिटायर होने से चालीस दिन पहले गत शुक्रवार 18 नवंबर को ही भारी उद्योग सचिव के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। जबकि उन्हें 31 दिसंबर 2022 को 60 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होना था। बताते चलें कि पंजाब और केंद्र सरकार ने एक ही दिन में गोयल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इससे पहले उन्हें शनिवार को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था , सरकार ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से गोयल के नियुक्ति की जानकारी दी थी। शनिवार शाम को कानून मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अरुण गोयल आईएएस (सेवानिवृत्त) को चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया है। वर्ष 1985 बैच के पंजाब कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रह चुके अरुण गोयल मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे के साथ चुनाव पैनल में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि अरूण गोयल मूलरूप से पटियाला के रहने वाले हैं। वे आईएएस बनने के बाद पंजाब और केंद्र में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने सिंचाई , ऊर्जा और हाउसिंग विभाग में लम्बे समय तक प्रमुख सचिव की सेवा भी निभाई है। चुनाव आयुक्त से पहले वे भारी उद्योग सचिव के पद पर तैनात थे। उन्होंने संस्कृति मंत्रालय में भी सेवायें दी हैं , वे अब दिसंबर 2027 तक निर्वाचन आयोग में अपनी सेवायें देंगे। इनकी नियुक्ति ऐसे समय में की गई है , जब गुजरात में 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव का मतदान होना है। वहीं इसका परिणाम आठ दिसंबर को सामने आयेगा। आने वाले महीनों में नगालैंड , मेघालय , त्रिपुरा और कर्नाटक के लिये चुनाव कार्यक्रम तय करते समय निर्वाचन आयोग के पास उसके सभी तीन सदस्य होंगे। अरुण गोयल इस जिम्मेदारी को सम्हालने के बाद अगले मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के प्रबल दावेदार होंगे। राजीव कुमार का कार्यकाल फरवरी 2025 तक है। सुशील चंद्र मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से मई में सेवानिवृत्त हुये थे। तब से निर्वाचन आयोग के आयुक्तों में से एक पद खाली था। उनके स्थान पर राजीव कुमार नये मुख्य चुनाव आयुक्त बने।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.