बीजेपी सरकार के प्रति लगातार जनसमर्थन बढ़ रहा है - पीएम मोदी
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
झाबुआ - कांग्रेस ने इतने वर्षों में 100 ही एकलव्य स्कूल खोले थे , जबकि भाजपा की सरकार ने अपने दस साल में ही इससे चार गुना ज्यादा एकलव्य स्कूल खोल दिये हैं। एक भी आदिवासी बच्चा शिक्षा के अभाव में पीछे रह जाये , ये मोदी को मंजूर नहीं है। यह बीजेपी की सरकार है जिसने एमपी के दायरे में वन उपज की संख्या को करीब दस से बढ़कर नब्बे के आसपास पहुंचा दिया।
यह बीजेपी की सरकार है जिसने देश के आदिवासी इलाकों में बंधन केंद्र खोले हैं ताकि आदिवासी उत्पादों को नये हाथ , नये बाजार मिले। हमारे लिये जनजातीय समाज वोट बैंक नहीं है , हमारे लिये तो जनजातीय समाज हमारे देश का गौरव है। हमारे देश के उज्जवल भविष्य की गारंटी है यह मेरा जनजातीय समाज है और आपका विकास तथा सम्मान भी यह मोदी की गारंटी है। आपके सपने आपके बच्चों के सपने नौजवानों के सपने यह मोदी का संकल्प है।
उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदिवासी महाकुंभ को संबोधित करते हुये कही। पीएम ने झाबुआ में भारत माता की जय जयकार और राम राम के साथ अपने भाषण की शुरुआत करते हुये कहा कि आप सबको देखकर मन में वैसी ही खुशी हो रही है , जैसे अपने परिजनों से मिलकर होती है। उन्होंने कहा कि झाबुआ जितना मध्यप्रदेश से जुड़ा है, उतना ही गुजरात से भी जुड़ा हुआ है। झाबुआ और गुजरात के लोग दिल आपस में जुड़े हुये हैं। झाबुआ और इस पूरे इलाके की गुजरात से केवल सीमा ही नहीं लगती बल्कि दोनों तरफ के लोगों के दिल भी मजबूती से जुड़े हुये हैं। गुजरात में रहते हुये मुझे यहां के जनजीवन से , यहां की परंपराओं से करीब से जुड़ने का अवसर मिला है। इन दिनों इस इलाके में भगोरिया की तैयारियां चल रही होगी। पीएम मोदी ने लोगों को भगोरिया की शुभकामनायें भी दी। मैंने भगोरिया से पहले आपकी चरणों में विकास योजनाओं को सुपुर्द किया है। अभी कुछ देर पहले ही मैंने झाबुआ , खरगोन , खंडवा , बड़वानी , धार ,अलीराजपुर समेत पूरे एमपी के लिये हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया है। झाबुआ के किसान समृद्ध हो , इसके लिये आदर्श ग्राम विकास योजना की राशि जारी हुई है। एक साथ विकास के इतने सारे काम ये बता रहे हैं कि मध्यप्रदेश में नई बनी डबल इंजन की सरकार ये काम कर रही है। विकास के इस महाअभियान का श्रेय मध्यप्रदेश की जनता को ही जाता है। उन्होंने आगे कहा बीते वर्षों में मध्यप्रदेश ने दो अलग-अलग दौर देखे हैं - एक डबल इंजन सरकार का दौर और दूसरा कांग्रेस के जमाने का काला दौर। कम उम्र के युवाओं को शायद याद भी नहीं होगा , आज विकास के रास्ते पर तेजी से दौड़ रहा मध्यप्रदेश भाजपा सरकार से पहले देश के सबसे बीमारू राज्यों में गिना जाता था। मध्य प्रदेश को बीमारू बनाने के पीछे सबसे बड़ी वजह थी - गांव, गरीब और आदिवासी इलाकों को लेकर कांग्रेस का नफरत भरा रवैया। इन लोगों ने ना कभी आदिवासी समाज के विकास की चिंता की ना उसके सम्मान के बारे में सोचा। इनके लिये तो जनजातीय लोगों का मतलब केवल कुछ वोट होता था। इन्हें गांव -गरीब- पिछड़ा की याद तब आती थी , जब चुनाव की घोषणा होती थी। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुये कहा कि आज एक सेक्टर में एमपी के विकास के लिये हम इतना ज्यादा पैसा भेज रहे हैं। वह कौन से इलाके थे जहां रेल की, सड़क की, बिजली की या रोजगार की सुविधा नहीं पहुंचती थी। इनमें से अधिकांश जनजातियों और ग्रामीण इलाके ही थे क्योंकि कांग्रेस को आपके गांव की नहीं उनको तो अपने महलों की चिंता थी कांग्रेस ने इन इलाकों की जो अपेक्षा की उनके बने गड्ढे भरने के लिये आज हम पूरी मेहनत से कम कर रहे हैं। कांग्रेस का काम लूट और फूट का है यह कांग्रेस की ऑक्सीजन है। कांग्रेस के लोग लोगों को लड़वाते हैं यानि कांग्रेस की यहीं ऑक्सीजन है इनको बंद करते ही कांग्रेस पार्टी का सियासी डैम टूटने लग जाता है।पीएम ने कहा मेरी यात्रा को लेकर खूब चर्चा हो रही थी। कुछ लोग कह रहे थे कि प्रधानमंत्री झाबुआ से ही लोकसभा चुनाव की शुरुआत करेंगे। लेकिन मैं लोकसभा चुनाव के लिये नहीं आया हूं। मैं बताना चाहता हूं कि लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिये नहीं आया हूं , मैं ईश्वर रूपी जनता जनार्दन का आभार करने आया हूं। विधानसभा चुनाव के नतीजों पहले ही बता चुके हैं कि आपका मूड क्या रहने वाला है। बीजेपी की सरकार के प्रति जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है। इस बार विपक्ष के बड़े-बड़े नेता संसद में बोलने लगे हैं चौबीस में चार सौ पार। अंत में पीएम मंच से फिर एक बार मोदी सरकार के नारे लगवाये।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जनजातीय समाज के कार्यक्रम में शामिल होने झाबुआ (गोपालपुरा) पहुंचे। इसके पहले इंदौर एयरपोर्ट पहुंचने पर पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित भाजपा नेताओं ने पीएम का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी विशेष विमान से झाबुआ के लिये रवाना हो गये। यहां वे रोड शो करते हुये खुली जीप में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ सवार होकर सभास्थल पहुंचे। लोगों ने मोदी - मोदी के नारे लगाते हुये फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। जहां उन्होंने प्रदेश को सात हजार पांच सौ पचास करोड़ रुपये से भी अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात दिया , जिसमें सड़क, रेल, बिजली, और जल सेक्टर से जुड़ी अनेक परियोजनायें शामिल हैं। यह विकास योजनायें ना केवल क्षेत्र के अर्थतंत्र को बढ़ावा देंगी बल्कि प्रदेश में रोजगार के लिये भी एक नया माध्यम प्रदान करेंगी। पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान आदिवासी वोटबैंक को साधने का प्रयास करते हुये कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं लोकसभा चुनाव में भाजपा के बहुमत सीटों से जीतने का बड़ा ऐलान किया। पीएम के कार्यक्रम में शामिल होने के लिये अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचे हुये थे।वहीं कार्यक्रम से पूर्व पीएम मोदी ने जनजातीय महासम्मेलन में विभिन्न विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद थे।
पीएम द्वारा दी गई मुख्य सौगातें
खरगोन में टंट्या मामा विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा जिससे खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर व आलीराजपुर जुड़ेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग 7520 के उज्जैन-देवास खंड पर 41.42 किमी का 1025 करोड़ रुपये लागत से निर्माण। राष्ट्रीय राजमार्ग 47 के हरदा-बैतूल मार्ग पर 30 किमी का 893.08 करोड़ रुपये लागत से निर्माण। राष्ट्रीय राजमार्ग 552 जी उज्जैन-झालावाड़ 133.50 किमी का 498 करोड़ की लागत से निर्माण।दिल्ली-वड़ोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 244.50 किमी का 1189.5 करोड़ रुपये लागत से निर्माण। राष्ट्रीय राजमार्ग 47 के हरदा-बैतूल खंड के चिचोली-बैतूल फोरलेन 40.248 किमी का 947.29 करोड़ रुपये लागत से निर्माण। प्रधानमंत्री ने 604 करोड़ रुपये की इंदौर-देवास-उज्जैन रेलवे लाइन के दोहरीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। रतलाम रेलवे के 27.15 करोड़ रुपये से होने वाले पुनर्विकास के तहत 12 मीटर चौड़े ओवर ब्रिज का निर्माण और 25.18 करोड़ रुपये में मेघनगर रेलवे स्टेशन का विकास होगा। वाटर परियोजना के तहत रतलाम-धार के 1011 गांव को पानी मिलेगा। इसके अलावा 27 करोड़ की झाबुआ के सीएम राइज स्कूल और 51 किमी लंबी व 2137 करोड़ की बरखेड़ा-बुधनी-इटारसी लाइन तथा 236.82 करोड़ की इटारासी नार्थ साउथ ग्रेड सेपेटर का लोकार्पण शामिल है। पीएम ने इस दौरान ‘प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना’ के अंतर्गत 559 गांवों के लिये 55.9 करोड़ रुपये जारी करने की भी घोषणा की है। इस राशि का उपयोग आंगनवाड़ी भवन, राशन की दुकानों, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूलों में अतिरिक्त कमरे, आंतरिक सड़कों सहित विभिन्न प्रकार की निर्माण गतिविधियों के लिये किया जायेगा।प्रधानमंत्री ने लगभग दो लाख महिला लाभार्थियों को आहार अनुदान योजना की मासिक किस्त का वितरण करने का निर्णय लिया है। इस योजना में मध्य प्रदेश की विभिन्न विशेष पिछड़ी जनजातियों की महिलाओं को पौष्टिक आहार के लिये 1500 रुपये प्रति माह प्रदान किये जायेंगे।प्रधानमंत्री ने खरगोन क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से जिलों के युवाओं को विश्वस्तरीय अवसंरचना प्रदान करने का लक्ष्य है , जिससे क्षेत्र में उच्च जनजातीय बहुलता को समर्थन मिले।प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश में 3275 करोड़ से अधिक की कई सड़क विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने का एलान किया है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों को सड़क संपर्क में सुधार होगा और आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.