साल्हेवारा वन क्षेत्र में वन्य जीव तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, दो अभियुक्त गिरफ्तार
खैरागढ़। वन्य प्राणियों की सुरक्षा और जंगलों के संरक्षण के लिए वन विभाग लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में वनमंडल खैरागढ़ के वनमण्डलाधिकारी श्री पंकज राजपूत के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्र साल्हेवारा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने जंगली सूअरों के अवैध परिवहन में लिप्त तस्करों को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 5 मार्च 2026 को वन विभाग की टीम ने सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो वाहन क्रमांक MH 35 P 1022 को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में दो नग जंगली सूअर का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को जब्त कर लिया और मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मंगल तिल्लासी वल्द अंजोर तिल्लासी तथा हर्षदिप वल्द जगदीश चव्हान शामिल हैं। दोनों आरोपी वन्य प्राणियों के अवैध शिकार और परिवहन में संलिप्त पाए गए।
वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 50, 51, 39 एवं 48A के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय छुईखदान में प्रस्तुत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्वान न्यायाधीश द्वारा दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेते हुए सलोनी जेल भेजने का आदेश दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी साल्हेवारा दिलीप बंजारी, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी साल्हेवारा कुम्भलाल वर्मा (वनपाल), सुश्री सोनल पांडे (वनरक्षक), श्री बिरसिंग नायक (वनरक्षक), श्री जागेश्वर तिर्की (वनरक्षक), भारत यादव, भुखऊ यादव तथा सालिक सुरक्षा श्रमिक की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि साल्हेवारा क्षेत्र के घने जंगलों में वन्य प्राणियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग द्वारा अवैध शिकार, तस्करी तथा वन अपराधों के विरुद्ध लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जंगल और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए वन विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
CNI NEWS खैरागढ़ से कुंभकर्ण वर्मा की रिपोर्ट।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.