शराब के नशे में मौत का सफर बाइक पोल से टकराई, 2 युवकों की मौत
बिजली ऑफिस के खतरनाक मोड़ पर हुआ हादसा, दिलेश्वर पिता हरिशंकर पेंद्री समेत 2 की गई जान | स्थानीय लोगों ने उठाई स्पीड ब्रेकर की मांग
रंजीत बंजारे CNI NEWS बेमेतरा लापरवाही और नशे की एक गलती ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। नवागढ़ जाने वाले रोड पर संबलपुर में स्थित बिजली ऑफिस के आगे वाले खतरनाक मोड़ पर शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलेश्वर पिता हरिशंकर पेंद्री निवासी अपने साथी के साथ संबलपुर से अपने गांव बाइक पर सवार होकर जा रहा था। शाम के समय बिजली ऑफिस के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों को बचाया नहीं जा सका।
संबलपुर पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह शराब पीकर तेज रफ्तार से वाहन चलाना सामने आई है। पुलिस अधिकारी ने बताया, दोनों युवक नशे की हालत में थे। मोड़ पर स्पीड कंट्रोल न कर पाने के कारण बाइक सीधे पोल से टकरा गई। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई है।
बार-बार हो रहे हैं हादसे, प्रशासन से नाराजगी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली ऑफिस के पास यह मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित है। यहां न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेतक हर महीने यहां 1-2 हादसे होते हैं। प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता है ठोस कदम नहीं उठाता एक स्थानीय दुकानदार ने कहा।
लोगों ने मांग की है कि इस मोड़ पर तुरंत स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और पुलिस की नाकाबंदी लगाई जाए, साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो!
पुलिस की अपील
संबलपुर पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं एक पल की लापरवाही पूरे परिवार को उजाड़ देती है। नशे में गाड़ी चलाना खुद के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा है,पुलिस ने कहा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है!!



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.