मुख्यमंत्री कन्या विवाह: 10 फरवरी को 251 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
कवर्धा, 6 फरवरी 2026/मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल बनकर उभरी है। प्रत्येक माता पिता का सपना होता है कि वे अपनी बेटी का विवाह उचित समय पर सम्मानपूर्वक कर सकें, किंतु सीमित आय और आर्थिक कठिनाइयों के कारण अनेक परिवारों को चिंता और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने ऐसी ही चिंताओं को दूर करते हुए जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल में योजना की सहायता राशि को बढ़ाकर 25 हजार रुपये से 50 हजार रुपये कर दिया गया है।
बीते दो वर्षों में अब तक जिले में कुल 724 जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। वहीं 10 फरवरी 2026 को कबीरधाम जिले के सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में लगभग 251 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़कर नव विवाहितों को आशीर्वाद देंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सामूहिक विवाह की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके। इस योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह में वैवाहिक संस्कार पूर्ण किए जाते हैं। जिला प्रशासन परिवार की भूमिका निभाते हुए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करता है, जिससे नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना तथा बेटियों के सम्मानपूर्ण भविष्य की राह को आसान बनाना है। यह योजना आर्थिक सहायता के साथ साथ समाज में सम्मान, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.