24 घंटे में बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: शातिर चोर गिरफ्तार, 7.71 लाख की संपत्ति बरामद
बिलाईगढ़,
13 फरवरी 2026।
थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के एक सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर कुल लगभग 7,71,000 रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामलाल साहू (58 वर्ष), निवासी नगर पंचायत पवनी, थाना बिलाईगढ़, ने 12 फरवरी 2026 को थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को दोपहर लगभग 2:00 से 2:30 बजे के बीच वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर कार खरीदने कसडोल गए थे। रात्रि करीब 10:00 से 10:30 बजे वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। आलमारी में रखे बैग से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी 3,000 रुपये एवं आधार कार्ड अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
प्रकरण में थाना बिलाईगढ़ में अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने शादी समारोह में आए टेंट, कैटरिंग और कैमरा स्टाफ से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान टेंट में कार्य करने वाला कर्मचारी कौशिक प्रधान (19 वर्ष), पिता घनश्याम प्रधान, निवासी अमलीडीह, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा, संदेह के घेरे में आया। पूछताछ में वह घबराने लगा और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदेह पुख्ता होने पर सख्ती से पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 6 तोला 2 ग्राम सोने के जेवरात (कीमत लगभग 5,59,000 रुपये), 800 ग्राम चांदी के जेवरात (कीमत लगभग 1,79,500 रुपये), नगदी 3,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 22 डब्ल्यू 3226, कीमत लगभग 30,000 रुपये) जब्त की। कुल बरामद संपत्ति की कीमत लगभग 7,71,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय एवं एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। विवेचना अधिकारी सउनि प्रकाश रजक सहित थाना स्टाफ, साइबर टीम और डॉग हैंडलर बहादुर थापा की विशेष भूमिका रही।
बिलाईगढ़ पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास और मजबूत हुआ है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.