कृषि विश्वविद्यालय के पेंशनर्स के डीआर आदेश व ग्रेच्युटी भुगतान की बाधा शीघ्र दूर होगी — कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर-
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विश्वविद्यालय के पेंशनर्स से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर गुरुवार को कृषि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कक्ष में कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल से सौहार्दपूर्ण वातावरण में लगभग 35 मिनट तक चर्चा की।
चर्चा के दौरान कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने आश्वस्त किया कि कृषि विश्वविद्यालय के पेंशनर्स को देय रुकी हुई महंगाई राहत (डीआर) के आदेश छत्तीसगढ़ शासन के अनुरूप शीघ्र जारी कर दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त प्रोफेसरों की ग्रेच्युटी भुगतान में आ रही तकनीकी बाधा को दूर करने के लिए शासन स्तर पर कृषि उत्पादन आयुक्त के निर्देश पर एक समिति का गठन किया गया है, जो इस तकनीकी समस्या के समाधान की दिशा में शीघ्र निर्णय लेगी।
कुलपति से भेंट के पूर्व कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित गेस्ट हाउस में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव, महामंत्री श्री अनिल गोल्हानी, संभागीय अध्यक्ष श्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी, रायपुर जिला सचिव श्री ओ.डी. शर्मा तथा विश्वविद्यालय पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष डॉ. एन.के. चौबे सहित अन्य सेवानिवृत्त प्रोफेसरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवानिवृत्ति के पश्चात देय आर्थिक भुगतानों में हो रही देरी के कारणों एवं उनके निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं होता है तो कुलाधिपति एवं राज्यपाल से भेंट की जाएगी। साथ ही डीआर का समय पर भुगतान, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण, पूर्ण पेंशन सहित अन्य लंबित मामलों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा पर भी विचार किया गया।
हालांकि कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल द्वारा चर्चा के दौरान दिए गए सकारात्मक आश्वासन और भरोसे का सम्मान करते हुए, महासंघ एवं विश्वविद्यालय पेंशनर्स द्वारा प्रस्तावित सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को अगले लगभग तीन माह के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
उक्त जानकारी भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश जिला रायपुर के अध्यक्ष आर जी बोहरे ने दी है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.