पीएम मोदी का मलेशिया दौरा बदलती वैश्विक राजनीति में महत्वपूर्ण
पीएम इब्राहिम ने किया आत्मीय स्वागत
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कुआलालंपुर - भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शनिवार को मलेशिया पहुंचे चुके हैं। कुआलालंपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी का भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया ,
जो दोनों देशों के बीच मजबूत दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है। इसके साथ ही कुआलालंपुर पहुंचने पर मलेशिया के मानव संसाधन मंत्री दातो रमणन रामकृष्णन और उप विदेश मंत्री दातो लुकानिस्मान बिन अवांग सौनी ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया। स्वागत में भारतीय और मलेशियाई संस्कृति की झलक दिखाने वाला एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय समुदाय की महिलाओं ने क्लासिकल और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर पीएम का जोशीला स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और बातचीत की। एयरपोर्ट से दोनों प्रधानमंत्री एक ही कार में सवार होकर कुआलालंपुर में कम्युनिटी कार्यक्रम की ओर रवाना हुये। यह कम्युनिटी कार्यक्रम 'सेलामत दतंग मोदीजी' नाम से माइंस इंटरनेशनल एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। भारतीय डायस्पोरा की ओर से आयोजित इस इवेंट में लगभग 800 डांसर्स ने लगातार पांच मिनट तक कोरियोग्राफ्ड डांस परफॉर्मेंस दी , जिसमें भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्यों की विविधता दिखाई गई। कार्यक्रम में हजारों भारतीय मूल के लोग शामिल हुये , जो भारत-मलेशिया के सांस्कृतिक और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बना।
निवेश और व्यापार का बड़ा केन्द्र है भारत - पीएम मोदी
यहां पीएम मोदी ने अपने भाषण में बताया कि कि कैसे प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रोटोकॉल की सीमाओं को तोड़कर एयरपोर्ट पर स्वयं प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और उन्हें अपनी ही कार में साथ बिठाया। भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी कार ही नहीं , बल्कि अपनी सीट भी साझा की। पीएम ने कहा कि 'मैंने वादा किया था और मैं आ गया. ये 2026 में मेरा पहला विदेश दौरा है। मोदी ने कहा कि दुनियां भारत को सिर्फ एक बड़ा बाजार मानती थी , लेकिन अब भारत निवेश और व्यापार का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। आज भारत को विकास के लिये एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखा जाता है। चाहे ब्रिटेन हो , यूएई , ऑस्ट्रेलिया , न्यूजीलैंड , ओमान , यूरोपीय संघ या अमेरिका जैसे कई देशों ने भारत के साथ व्यापार समझौते किये हैं। भारत आपके दिलों में एक खास जगह रखता है। वर्ष 2001 में गुजरात में भूकंप आया था , उस समय आप सभी (भारतीय समुदाय) ने मिलकर भारत की मदद की थी और इसके लिये सभी को धन्यवाद। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया , जिसके तहत मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों को छठी पीढ़ी तक ओआईसी कार्ड की सुविधा दी गई है। बताते चलें कि मलेशिया में पीएम मोदी के भाषण शुरू होने से पहले मलेशिया में मौजूद भारतीय प्रवासियों ने मोदी-मोदी के नारों से उनका स्वागत किया। वहीं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुये भाषण की शुरुआत में उनके कुआलालम्पुर दौरे पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने पीएम मोदी को 'भारत से आया दोस्त' बताते हुये कहा आसियान में भारत और मलेशिया एक-दूसरे के लिये टॉप ट्रेडेंग पार्टनर्स है। अनवर ने ट्रेड के अलावा टूरिज्म , भारतीय प्रवासियों और त्योहारों के जरिये भारत-मलेशिया की करीबी रिश्तों और मलेशिया इंडिया डिजिटल पार्टनरशिप का भी जिक्र किया।
मलेशिया पीएम के साथ आज होगी व्यापक वार्ता
यह पीएम मोदी की वर्ष 2015 के बाद मलेशिया की तीसरी यात्रा है और 2024 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने का महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक संतुलन , समुद्री सुरक्षा और आपूर्ति शृंखलाओं को लेकर वैश्विक राजनीति तेजी से बदल रही है। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान 08 फरवरी रविवार को भारत–मलेशिया सीईओ फोरम की दसवीं बैठक भी कुआलालंपुर में होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मलेशिया के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक वार्ता करेंगे , जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने के लिये कई समझौतों पर पहुंचने की उम्मीद है। यह यात्रा एक्ट ईस्ट पॉलिसी , इंडो-पैसिफिक विजन और विजन महासागर के तहत भारत की दक्षिण-पूर्व एशिया नीति का अहम हिस्सा है। दोनों प्रधानमंत्री रविवार को विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.