ब्रेकिंग बचेली
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर। असीम पाल ब्यूरो
दंतेवाड़ा
दिनांक=01/02/2026
स्थान=दंतेवाड़ा
दंतेवाड़ा जिले मे नाबालिग छात्राओं से गंदी नाली साफ कराना बचेली के कन्या आवासीय विद्यालय में मानवता शर्मसार
बचेली।
शासकीय सुभाष चंद्रबोस कन्या आवासीय विद्यालय, पोटा केबिन बचेली में जो दृश्य आज दिनांक 01/02/2026 दिन रविवार को सामने आया, उसने शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता और प्रशासनिक जिम्मेदारी दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
यहां आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्राओं से गंदी और बदबूदार नाली की सफाई कराई जा रही थी।
यह कोई एक दिन की घटना नहीं है। छात्राओं ने बताया कि हर सप्ताह उनसे नाली साफ कराई जाती है, मानो यह कोई नियमित “ड्यूटी” हो। सवाल यह है कि क्या यह विद्यालय है या जबरन श्रम का केंद्र? क्या बच्चियों को पढ़ने के लिए रखा गया है या सफाई कर्मचारी बनाने के लिए?
नाबालिग बच्चियों से इस तरह का घिनौना काम कराना ना केवल बाल अधिकारों का खुला उल्लंघन है, बल्कि यह मानव गरिमा पर सीधा हमला भी है। आवासीय विद्यालय, जहां सुरक्षा, सम्मान और संवेदनशीलता सबसे ज़रूरी होनी चाहिए, वहीं बच्चियों को गंदगी में उतार दिया जाना शर्मनाक है।
सबसे बड़ा सवाल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन से है—
क्या इन्हें इस अमानवीय कृत्य की जानकारी है?
अगर जानकारी है तो चुप्पी क्यों?
और अगर जानकारी नहीं है तो निगरानी किस बात की?
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने इस मामले में तत्काल उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई, तथा छात्राओं से कराए जा रहे ऐसे कार्यों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
यह मामला सिर्फ एक स्कूल का नहीं, बल्कि उस सिस्टम का है जो नाबालिग बच्चियों की गरिमा को बार-बार कुचलने देता है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.