विवेकानंद पब्लिक हाई स्कूल का वार्षिकोत्सव “रोशनी” ऐतिहासिक भव्यता के साथ संपन्न
बिलाईगढ़।
नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान विवेकानंद पब्लिक हाई स्कूल द्वारा आयोजित वार्षिक उत्सव “रोशनी – द ड्रीम ऑफ लाइट” 14 फरवरी 2026,
शनिवार को पुलिस ग्राउंड बिलाईगढ़ में अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।
दोपहर 1:00 बजे प्रारंभ हुए इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे नगर को उल्लास, ऊर्जा और भारतीय सांस्कृतिक विविधता की प्रकाशमय आभा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसने आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष दामोदर प्रसाद दुबे तथा सीएमएचओ सारंगढ़-बिलाईगढ़ एफ.आर. निराला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विशिष्ट अतिथियों में घसिया यादव, नरेश देवांगन, धनीराम देवांगन तथा समाजसेवी एवं पत्रकार प्रभाकर कर्ष, पालकगण सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुष्पगुच्छ एवं फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने विद्यालय की अनुशासित शैक्षणिक व्यवस्था, संस्कारयुक्त वातावरण एवं विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय भावना को सशक्त करते हैं।
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। देशभक्ति गीतों की ओजस्वी प्रस्तुतियों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया, वहीं पंथी नृत्य, राउत नाचा एवं आज़ादी के महत्व पर आधारित नृत्य-नाटिका ने भारतीय संस्कृति की गहराई को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके अतिरिक्त साउथ इंडियन, संबलपुरी, पंजाबी एवं ओड़िया गीतों पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्य-प्रस्तुतियों ने ‘विविधता में एकता’ का सशक्त संदेश दिया और दर्शकों की गगनभेदी तालियों से पूरा मैदान गूंज उठा। बच्चों के द्वारा प्रदर्शित प्रत्येक कार्यक्रम में अतिथियों एवं पालकगणों द्वारा नगद पुरस्कार देकर बच्चों को प्रोत्साहित किया गया
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि “रोशनी” का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच प्रदान करना तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण और रचनात्मकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
पूरे आयोजन में विद्यालय प्रबंधन की सुव्यवस्थित व्यवस्था विशेष रूप से प्रशंसनीय रही। मंच सज्जा, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अभिभावकों के बैठने की समुचित व्यवस्था तथा समयबद्ध संचालन ने कार्यक्रम को भव्यता के साथ-साथ अनुशासन का आदर्श उदाहरण बना दिया। विद्यालय के डायरेक्टर , प्रिंसिपल, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के अथक परिश्रम एवं समर्पण ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा इस ऐतिहासिक आयोजन के सफल समापन की घोषणा की गई। “रोशनी” वास्तव में अपने नाम के अनुरूप प्रतिभा, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना की उज्ज्वल किरण बनकर नगरवासियों के हृदय में अविस्मरणीय छाप छोड़ गया।























No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.