स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प छुरिया में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन (जन संवाद) सफलतापूर्वक सम्पन्न
छुरिया। जनपद पंचायत छुरिया के सामुदायिक भवन में आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन (जन संवाद) कार्यक्रम आज उत्साह, सहभागिता और जनजागरूकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मितानिन दीदियों एवं ग्रामीणजनों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, जनजागरूकता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत एवं सार्थक संवाद किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा एवं जिला पंचायत सभापति अनीता मंडावी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि स्वास्थ्य केवल उपचार तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता पहुँचे और सेवाएँ समय पर उपलब्ध हों। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती माताओं की देखभाल, कुपोषण मुक्ति एवं बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव होते हैं।” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और मितानिन कार्यकर्ताओं के समन्वय को जनस्वास्थ्य सुधार का सबसे मजबूत माध्यम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जनपद क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।
जिला पंचायत सभापति श्रीमती अनीता मंडावी ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि गांव-गांव में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में मितानिन बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है और इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में मितानिन कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी शक्ति हैं। वे केवल स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि समाज में जागरूकता की प्रेरक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वास्थ्य जानकारी पहुँचाना, गर्भवती माताओं एवं बच्चों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे मितानिन बहनें पूरी निष्ठा से निभा रही हैं। उन्होंने मितानिनों के समर्पण, सेवा भावना और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें समाज निर्माण की सशक्त भागीदार बताया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं साझा कीं, जिन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिया गया। यह जनसंवाद कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं को जनकेंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
साथ ही इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्री उभय राम मंडावी, जनपद सदस्य श्रीमती राधिका चंन्द्रंवशी, श्रीमती आशा साहू, श्री सुशील अग्रवाल, श्रीमती देवश्री भुआर्य, श्री अभय बाजपेई, श्री भुवनेश्वर साहू,श्री पुनाराम सिन्हा, श्री कल्याण सिंह चंन्द्रंवशी, श्रीमती सकुनदास, श्रीमती शांति पडौती समेत सैकड़ों मितानीन दीदी उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम, आयोजकों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया राजनांदगांव जिले के छुरिया में आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, जनभागीदारी और सुशासन की दिशा में एक प्रभावी प्रयास के रूप में सराहा गया।
सीएन आई न्यूज के लिए विजय निषाद की रिपोर्ट




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.