ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के सात आरोपी गिरफ्तार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर किराये के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के सात आरोपियों को थाना जामुल पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल करते हुये करोड़ों रूपये के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार थाना जामुल क्षेत्र अंतर्गत नालंदा स्कूल के पीछे सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराये के मकान में संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह के संचालन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये मौके पर दबिश दी गई , जहां आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुये पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि आरोपीगण द्वारा ड्रैगन टाइगर , अंदर-बाहर , तीन पत्ती , टेनिस , फुटबॉल एवं रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों को इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से जोड़कर आईडी उपलब्ध कराई जाती थी तथा मोबाइल एवं लैपटॉप के माध्यम से सट्टा खिलाया जाता था। गिरोह द्वारा विभिन्न सिम कार्ड एवं म्यूल बैंक खातों के माध्यम से अवैध लेन-देन को छिपाने का प्रयास किया जाता था। गिरोह में कार्यों का स्पष्ट विभाजन था तथा तकनीकी रूप से बाहरी व्यक्तियों द्वारा भी संचालन नियंत्रित किया जाता था। प्रकरण में अपराध क्रमांक 185/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 6,7,8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रतिदिन तीन लाख से सात लाख तक के लेन-देन एवं करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार का संचालन होना पाया गया है। थाना जामुल पुलिस ने आनलाइन सट्टा गिरोह के सात आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उक्त कार्यवाही में थाना जामुल पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही , जिनके द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं त्वरित कार्यवाही करते हुये संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण -
पोषण निषाद उम्र 26 वर्ष निवासी - अंजोरा , योगेश कुमार विश्वकर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी - जलेबी चौक , थाना - छावनी , गौरव तिवारी उम्र 26 वर्ष निवासी - कबीर नगर रायपुर , संजय कुमार जायसवाल उम्र 26 वर्ष निवासी कैम्प-1 जलेबी चौक , चुनेश निषाद उम्र 20 वर्ष निवासी - श्याम नगर , थाना - छावनी , विक्रम सिंह उर्फ विक्की उम्र 30 वर्ष निवासी - न्यू बसंत टॉकीज़ के पास , थाना - छावनी और उदल हमणे उम्र 19 वर्ष निवासी - न्यू बसंत टॉकीज़ के पास , थाना - छावनी , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
1,00,000 रूपये नगद , 07 बैंक पासबुक , 16 मोबाइल फोन , 15 एटीएम कार्ड , 01 लैपटॉप , वाई-फाई उपकरण , लेन-देन संबंधी रजिस्टर और 01 पासपोर्ट।
दुर्ग पुलिस की अपील-
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ऑनलाइन सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.