राजनांदगांव
राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में पुलिस, RPF एवं GRP की संयुक्त मॉक ड्रिल
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का किया गया सफल अभ्यास, ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर की सघन सुरक्षा जांच
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में राजनांदगांव रेलवे स्टेशन परिसर में जिला पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी एवं रेलवे विभाग द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक मॉक ड्रिल अभ्यास आयोजित किया गया।
इस दौरान मुंबई से भुवनेश्वर जाने वाली लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन एवं बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की सुरक्षा जांच करते हुए स्टेशन एवं प्लेटफार्म परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
संयुक्त मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे स्टेशन में अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित होने, यात्रियों के अचानक बेहोश होने एवं संदिग्ध लावारिस बैग मिलने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक अभ्यास किया गया।
राजनांदगांव पुलिस, RPF एवं GRP की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन एवं प्लेटफार्म परिसर में त्वरित भीड़ नियंत्रण करते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
आपातकालीन निकासी मार्ग (Evacuation Route) एवं फुट ओवर ब्रिज (FOB) के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षित निकासी एवं व्यवस्थित चेकिंग की गई तथा पूरे घटनाक्रम को शांतिपूर्ण एवं नियंत्रित तरीके से संचालित किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षा घेराबंदी, संदिग्ध वस्तु जांच एवं समन्वित बचाव कार्यवाही का सफलतापूर्वक अभ्यास किया गया। सभी विभागों द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया एवं बेहतर तालमेल का प्रदर्शन करते हुए आपातकालीन स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया।
संयुक्त अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से चेक किया गया।
इस संयुक्त मॉक ड्रिल अभ्यास में राजनांदगांव पुलिस के रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, थाना प्रभारी कोतवाली उपेंद्र कुमार, थाना प्रभारी बसंतपुर एमन साहू, थाना प्रभारी लालबाग रमेश पटेल, चौकी प्रभारी तुमड़ीबोड़ दिलीप पटेल, रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी तरुणा साहू, जीआरपी जनक लाल तिवारी, BDDS टीम, डॉग स्क्वायड, रेलवे स्टेशन राजनांदगांव के सुपरवाइजर सहित रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के संयुक्त मॉक ड्रिल अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना है।
सी एन आई न्यूज़ के लिए संतोष सहारे की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.