अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली -- कोरोना वायरस महामारी से जुड़े दिशानिर्देशों का पालन करते हुये सत्रहवीं लोकसभा का चौथा सत्र और राज्यसभा का २५२ वाँ मानसून सत्र का आज आगाज हुआ। मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही परंपरा के मुताबिक राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई। सत्तापक्ष की तरफ पहली पंक्ति में प्रधानमंत्री मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद थे। इसके साथ ही संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और सरकार के कई अन्य मंत्री भी उपस्थित थे। विपक्ष की तरफ सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और कई अन्य दलों नेता मौजूद रहे। वहीं हिरासत से रिहा होने के बाद फारूक अब्दुल्ला पहली बार लोकसभा पहुंँचे थे।
आज से शुरू हुआ मानसून सत्र एक अक्टूबर तक लगातार चलेगा जिसमें एक भी दिन अवकाश नही रहेगा। अठारह दिन के इस सत्र में अठारह बैठकें होंगी। इस मानसून सत्र के दौरान ४७ विषय कार्यसूची के लिये तय किये गये हैं जिनमें ४५ विधेयक और ०२ वित्त विषय शामिल है। चूँकि कोविड-१९ महामारी के समय में यह संसद का पहला सत्र है, इसलिये संसद सत्र के दौरान कोविड-१९ के दिशा-निर्देशों के तहत सुरक्षा के सभी प्रबंध किये गये हैं। संसद के हर सदन में प्रतिदिन चार घंटे के सत्र होंगे जिसमें राज्यसभा का सत्र सुबह ०९:०० बजे से दोपहर ०१:०० बजे तक और लोकसभा का सत्र दोपहर ०३:०० तीन बजे से शाम ०७:०० बजे तक चलेगा। लेकिन सत्र के पहले दिन आज लोकसभा की बैठक सुबह के सत्र में और राज्यसभा की बैठक दोपहर के सत्र में संपन्न हुई। सत्र के दौरान संसद सदस्यों की बैठक व्यवस्था में सुरक्षित दूरी रखी गयी। संसद परिसर में केवल उन लोगों को प्रवेश की अनुमति मिली जिनके पास कोविड-१९ संक्रमण नहीं होने की पुष्टि करने वाली रिपोर्ट थी और लोगों का इस दौरान मास्क पहनना अनिवार्य था। इस मानसून सत्र के दौरान तय मानक परिचालन प्रक्रियाओं के अनुसार सांसदों, दोनों सदनों के सचिवालयों के कर्मियों तथा कार्यवाही कवर करने वाले मीडियाकर्मियों को कोविड-१९ की जांँच कराने को कहा गया था और यह जांच सत्र शुरू होने से ७२ घंटे से अधिक पहले नहीं होनी चाहिये। इस बार ज्यादातर संसदीय कामकाज डिजिटल तरीके से होंगे , इसके लिये पूरे परिसर को संक्रमणमुक्त बनाने के साथ ही दरवाजों को भी स्पर्शमुक्त बनाया गया है। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आज लोकसभा में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित जसराज, वर्तमान लोकसभा के सदस्य एच वसंतकुमार सहित १३ पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गयी। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला ने प्रणब मुखर्जी के जीवनकाल के बारे में बताते हुये कहा कि वे एक सफल वक्ता और कुशल प्रशासक थे , उनका ज्ञान और अनुभव अद्वितीय था। उनके कार्य हमें आगे भी प्रेरित करते रहेंगे। श्रदाँजलि दिये जाने के बाद सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिये स्थगित कर दी गयी।सत्र शुरू होने से ठीक पहले मीडिया को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिन्दी दिवस पर शुभकामनायें देते हुये कहा कि इस अवसर पर हिन्दी के विकास में योगदान दे रहे सभी भाषाविदों को मेरा हार्दिक अभिनंदन। जब तक कोरोना वायरस की कोई दवाई नहीं आ जाती तब तक कोई ढिलाई ना बरतें। उन्होंने आगे कहा कि ‘एक विशिष्ट वातावरण में संसद का सत्र आज प्रारंभ हो रहा है, कोरोना भी है, कर्तव्य भी है और सभी सांसदों ने कर्तव्य का रास्ता चुना है। मैं सभी सांसदों का अभिनंदन और धन्यवाद करता हूंँ। इस सत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय होंगे एवं अनेकों विषयों पर चर्चा होगी। हम सबका अनुभव है कि लोकसभा में जितनी ज्यादा चर्चा होगी , उतना ही सदन को , विषय वस्तु को और देश को भी लाभ होता है। इस बार भी यह महान परंपरा बनी रहेगी , ये हम सबका विश्वास है। पीएम ने कहा- आज जब हमारी सेना के वीर जवान सीमा पर बड़ी हिम्मत, जज्बे, बुलंद हौसलों के साथ दुर्गम पहाड़ियों में डटे हुये हैं, जिस विश्वासथ के साथ वो मातृभूमि की रक्षा के लिये डटे हुये हैं , ये सदन भी एक स्वर से संदेश देगा कि सेना के जवानों के पीछे देश खड़ा है।
दोबारा सत्र शुरू होने पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सरकार पर सवाल दागते हुये कहा कि संसद प्रणाली में प्रश्नकाल का होना बहुत जरूरी है। यह संसद की आत्मा है , प्रश्नकाल को हटाकर लोकतंत्र के गला घोटने की कोशिश की जा रही है। संसद सत्र से पहले पीएम मोदी के कोरोना वाले बयान पर शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है, प्रधानमंत्री ने कहा था कि महाभारत का युद्ध १८ दिन चला था और कोरोना की लड़ाई २१ दिन में खत्म हो जायेगी, लेकिन ०७ महीने बीत चुके हैं , अब वास्तविकता सामने आयी है कि ये इतनी आसान लड़ाई नहीं है। एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने संसद में कहा-’ देश के सामने इकनॉमी की बुरी हालत और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ० हर्षवर्धन ने आज सदन को कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार के कदमों की जानकारी देते हुये कहा कि देश में कोरोना के हालात अब सुधरे हैं। देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ सार्थक लड़ाई लड़ी जा रही है। सरकार के प्रयासों की वजह से देश में कोरोना वायरस को सीमित करने में कामयाबी मिली है। जनसंख्या के हिसाब से सबसे कम प्रभावित देशों में भारत शामिल है। संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि भारत और चीन के गतिरोध पर संसद के दोनों सदनों के नेताओं की बैठक १५ सितंबर को होगी। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में जोशी ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिये तैयार है।उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में सभी पार्टियों से समर्थन की अपील की।वहीं एआईएमआईएम पार्टी के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रश्न काल के ना होने पर सवाल उठाये। इस पर केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जवाब दिया कि विपक्ष के नेताओं ने प्रश्नकाल हटाने पर सहमति जतायी थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कहा - हमें उम्मीद है कि विपक्ष को बोलने का मौका मिलेगा और राष्ट्र के गंभीर मुद्दों पर चर्चा होगी। हम अपेक्षा करते हैं कि हमारे द्वारा उठाये जाने वाले सवालों पर जवाब देने के लिये प्रधानमंत्री लोकसभा और राज्यसभा में उपस्थित रहेंगे। लोकसभा में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने प्रश्नकाल ख़त्म करने पर कहा कि प्रश्नकाल तो स्वर्णकाल होता है लेकिन आप कह रहे हैं कि हालात के कारण इसे नहीं किया जा सकता. आप संसद की कार्यवाही तो चला रहे हैं लेकिन प्रश्नकाल को ख़त्म करके. आप लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद डीएमके पार्टी के सांसद टीआर बालू ने नीट परीक्षा के दबाव के चलते बारह छात्रों की आत्महत्या का मुद्दा उठाया। भाजपा सांसद रवि किशन ने देश में फैल रहे ड्रग्स के कारोबार पर बात की और सुशांत सिंह राजपूत केस में एनसीबी की कार्यवाही की प्रशंसा की। टीएमसी सांसद सौगत राय ने वित्तमंत्री सीतारमण पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी जिसके चलते सदन में खूब हंगामा हुआ। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही में ३५९ सदस्यों ने हिस्सा लिया। वहीं पहले ही दिन भाजपा के १२ साँसद और अन्य दलों के पाँच साँसद मिलाकर कुल सत्रह साँसदों का कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव मिला।
लोकसभा में दो बिल पास हुये
पहले दिन लोकसभा में दो बिल पास हुये - होम्योपैथी के लिये राष्ट्रीय आयोग 2020 और भारत में चिकित्सा पद्धति हेतु राष्ट्रीय आयोग बनाने के लिये बिल पास हुये। लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार दोपहर ०३:०० बजे तक के लिये स्थगित कर दी गयी।
हरिवंशनारायण बने उपसभापति
दिवंगत आत्माओं के सम्मान में राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित की गयी। संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में आज उपसभापति पद के लिये चुनाव हुआ। इसके पहले नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्यों ने शपथ लिया। उपसभापति चुनाव के लिये एनडीए की तरफ से जेडीयू के हरिवंश नारायण एक बार फिर उम्मीदवार बनाये गये थे वहीं विपक्ष की ओर से आरजेडी के सांसद मनोज झा अपनी किस्मत आजमाये दोनों ही नेता बिहार से आते हैं। इनमें कांटे की टक्कर के बीच पेशे से पत्रकार और एनडीए उम्मीद्वार हरिवंश नारायण दूसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गये।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.