अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
अम्बाला -- फ्राँसीसी रक्षामंत्री फ्लोरेंस पार्ली आज भारत यात्रा पर पहुँची। पालम हवाई अड्डे पर उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया , इसके बाद वे अम्बाला के रवाना हो गयी। अम्बाला एयरबेस में अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल आज वायु सेना का अभिन्न अंग बन गया। इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथसिंह ,फ्राँसीसी रक्षामंत्री फ्लोरेंस पार्ली , प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर० के० एस० भदौरिया, रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार के साथ रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बलों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल इंडक्शन सेरेमनी को संबोधित करते हुये कहा कि वायुसेना में राफेल का शामिल होना एक ऐतिहासिक क्षण है। इस अवसर पर मैं अपनी आर्म्स फोर्सिज सहित सभी देशवासियों को बधाई देता हूंँ। हम दोनों ने एक दूसरे को समझा है। भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक भागीदारी है जो समय के साथ मजबूत हो रही है। मजबूत लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था और सम्पूर्ण विश्व में शांति की कामना, हमारे आपसी संबंधो के आधार हैं। राफेल इंडक्शन पूरी दुनियाँ के लिये एक बड़ा और कड़ा संदेश है, खासकर हमारी संप्रभुता पर नजर रखने वालों के लिये। हमारी सीमाओं पर हाल के दिनों में जो तनाव का माहौल बना है, ऐसे समय पर ये इंडक्शन अहम है।सीमाओं और देश की संप्रमुता की रक्षा के लिये हर संभव प्रयास करने के लिये हम प्रतिबद्ध हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस के साथ रक्षा सहयोग के बारे में चर्चा की और रक्षा क्षेत्र में निवेश व सहयोग-समन्वय के लिये भी उन्होंने निमंत्रण दिया। राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना के विभिन्न युद्धों में शानदार प्रदर्शन का उल्लेख भी किया। समारोह को रक्षामंत्री फ्लारेंस पार्ले ने भी संबोधित करते हुये भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग का उल्लेख किया ,उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह और मजबूत होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये वायुसेना अध्यक्ष आरकेएस भदौरिया ने इन विमानों के सेना में शामिल होने के समय को उपयुक्त बताय़ा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुये राफेल को वायुसेना में शामिल करने का इससे उपयुक्त समय नहीं हो सकता था।उन्होंने कहा कि अंबाला में राफेल को बल में शामिल करना महत्वपूर्ण है क्योंकि वायु सेना के इस अड्डे से महत्व वाले सभी क्षेत्रों में आसानी से पहुंँचा जा सकेगा। गौरतलब है कि राफेल दुश्मन की सीमा में भी घुसकर हमला करने और दुश्मन की जमीन के अंदर तक दाखिल होकर बमबारी करने में सक्षम है।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.