कलेक्टर ने ली राजस्व निरीक्षकों की बैठक
देव यादव CNI न्यूज़ बेमेतरा
बेमेतरा 05 जून 2021-कलेक्टर श्री शिव अनंत तायल की अध्यक्षता मे आज शनिवार को कलेक्टोरेट परिसर के दृष्टि सभाकक्ष मे जिले के समस्त राजस्व निरीक्षकों की मासिक बैठक आयोजित की गई। जिसमें कलेक्टर तायल द्वारा कोविड-19 संक्रमण के प्रभाव में कमी के फलस्वरुप राजस्व अमलों (राजस्व निरीक्षक, पटवारी) को राजस्व के सामान्य कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिले में सीमांकन के प्रकरणों को निपटारा करने के लिए 15 जून 2021 तक विशेष अभियान चलाकर लंबित सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण करने एवं भुंईयां से संबंधित टेकनिकल खराबी को जल्द सुधार करने हेतु समस्त राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया गया। सीमांकन के दौरान उन क्षेत्रों (खेतों एवं संभावित जलभराव वाले क्षेत्र) को प्राथमिकता देते हुए पहले सीमांकन करने तथा ग्रुप में फोटो अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि सीमांकन के प्रकरण समान्यतः प्रारंभ मे पटवारी के क्षेत्र मे आते हैं, वे त्वरित रुप से निराकरण कर उसे जल्द से जल्द राजस्व निरीक्षकों के पास भेज दें ताकि लंबित प्रकरणों का निराकरण बारिश से पहले हो सके। कोई भी पटवारी अपने कार्य स्थल मे नदारत न रहे। श्री तायल ने जिले के विभिन्न पटवारी हल्कों के जीर्ण-शीर्ण नक्शों के नवीनीकरण हेतु 25 जून 2021 से राजस्व निरीक्षक मंडलवार रोस्टर बनाकर नक्शा अद्यतिकरण का कार्य करने हेतु अधीक्षक भू-अभिलेख बेमेतरा को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर द्वारा समस्त राजस्व निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि आम नागरिक की समस्या का निराकरण हेतु राजस्व निरीक्षक अपने राजस्व निरीक्षक मंडल (मुख्यालय) में निवास करें व अपने क्षेत्र का भ्रमण समय-समय पर करते रहे, और गिरदावरी मे लोगों की अनावश्यक रकबा काटना नही है और ना ही अतिरिक्त जोड़ना है सभी रकबा सही-सही होना चाहिए। उक्त बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजय कुमार दीवान, प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख श्री धनराज मरकाम, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख श्री वीरेन्द्र साहू, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख राधाकिशन एवं समस्त राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।
सेंट्रल न्यूज़ इंडिया ब्यूरो चीफ बेमेतरा छत्तीसगढ़ देव यादव 9098647395


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.