. देव यादव CNI न्यूज़ बेमेतरा
बेमेतरा 10 अगस्त 2021-प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त 2021 को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री विलास भोसकर संदीपान ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन की तैयारी संबंधी बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह का आयोजन बेसिक स्कूल मैदान मे किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतनी होगी। भारत सरकार गृह मंत्रालय एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के कोविड-19 से बचाव हेतु जारी सभी निर्देशों का पालन एवं उपाय करने होंगे।
कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तर पर समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण उपरांत पुलिस एवं नगर सैनिक की टुकड़ियों के द्वारा सलामी (गार्ड आफ आॅनर) दी जाएगी। मुख्य अतिथि के द्वारा मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में कोरोना वारियर्स डाॅक्टरों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्वच्छताकर्मियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंनें कहा कि समारोह में मास्क पहनना, सामाजिक दूरी आदि का पालन अनिवार्यतः किया जाए। कलेक्टर ने मुख्य समारोह स्थल पर बेरिकेेटिंग कार्य, शामियाना, कुर्सियाॅ आदि की व्यवस्था, पेयजल हेतु पानी टैंकर की व्यवस्था, बिजली एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था आदि के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की।
कलेक्टर ने बताया कि तहसील व जनपद पंचायत स्तर पर सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं होगे। जनपद पंचायत कार्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं नगरीय निकायों में नगरीय निकाय अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा एवं बड़े गाॅवों में गाॅवों के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर, सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे शैक्षणिक संस्थान जो खुले हुए हैं वहाॅ पर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया जाए तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला जाए, किंतु रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता इत्यादि का आयेाजन नहीं किया जाएगा। कोरोना से बचाव हेतु जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि सभी शासकीय, सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। 14-15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की रात्रि में जिले के सभी शासकीय व सार्वजनिक भवनों, राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाए।
देव यादव सी एन आई न्यूज़ बेमेतरा छत्तीसगढ़ 9098647395


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.