विधायक कप खेल प्रतियोगिता में शामिल हुए आयुष मंत्री श्री कावरे
(शिवशंकर पाण्डेय जिला ब्यूरो)
बालाघाट।मध्यप्रदेश शासन के आयुष मंत्री श्री रामकिशोर “नानो” कावरे 24 मार्च को परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम समनापुर खेल मैदान बाजार चौक में आयोजित विधायक कप खेल प्रतियोगिता कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को नगद पुरूस्कार राशि प्रदान की। इस प्रतियोगिता में पुरूष एवं महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता एवं पुरूष वर्ग की वालीवाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
विधायक कप खेल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि आयुष मंत्री श्री कावरे ने इस अवसर पर प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने एवं उन्हें आगे लाने के लिए विधायक कप खेल प्रतियोगिता एक अच्छा माध्यम है। इस तरह की खेल प्रतियागिताओं के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रूचि बढ़ती है। इस प्रतियोगिता में जिन टीमों को जीत मिली है उन्हें बधाई देते हुए मंत्री श्री कावरे ने कहा कि खेलों में हार जीत लगी रहती है। लेकिन हार से खिलाड़ियों को निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें आने वाले समय के लिए नये सिरे से तैयारी कर प्रतियोगिता में शामिल होने की प्रेरणा लेना चाहिए। आने वाले समय में विधायक कप खेल प्रतियोगिता को और अधिक भव्य रूप में आयोजित करने का प्रयास किया जायेगा।
प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग कबड्डी में केशलई की टीम को 11 हजार रुपये का प्रथम, अरंडिया की टीम को 05 हजार रुपये का द्वितीय एवं तुमड़ीटोला-मगरदर्रा की टीम को 03 हजार रुपये का तृतीय पुरूस्कार प्राप्त हुआ। इसी प्रकार महिला वर्ग कबड्डी में तुमड़ीटोला-मगरदर्रा की टीम को 05 हजार रुपये का प्रथम, केशलई की टीम को 03 हजार रुपये का द्वितीय, अरंडिया की टीम को 02 हजार रुपये का तृतीय एवं कन्या हाई स्कूल परसवाड़ा की टीम को 02 हजार रुपये का चतुर्थ पुरूस्कार दिया गया। वालीवाल प्रतियोगिता में कोसमी की टीम को 11 हजार रुपये का प्रथम, भादा की टीम को 05 हजार रुपये का द्वितीय एवं चीनी की टीम को 03 हजार रुपये का तृतीय पुरूस्कार दिया गया।
पुरूष वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के लिए बोड़न्दा, दिगोधा, तुमड़ीटोला, मगरदर्रा, चांगोटोला, अरंडिया, केशलई, उड़दना की टीमों का चयन किया गया था। इसी प्रकार महिला वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के लिए केशलई, तुमड़ीटोला, परसवाड़ा, अरंडिया की टीमों का चयन किया गया था। वालीवाल पुरूष वर्ग की प्रतियोगिता के लिए चिनी की ए व बी टीम, तिरगांव, खैरलांजी, भादा, भिड़ी, कोसमी व समनापुर की टीमों का चयन किया गया था। इन सभी टीमों ने विधायक केप खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने के लिए अथक परिश्रम किया ।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.