वृक्ष धरती के आभूषण है - दीपक तिवारी
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बिलासपुर - आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जारी पौधारोपण अभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों और समाजिक संगठनों के द्वारा जगह-जगह पौधरोपण कार्यक्रम चलाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया गया। इसी कड़ी में बिलासपुर होमगार्ड लाईन में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट अशोक कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एसडीआरएफ जवानों के द्वारा बृहत वृक्षारोपण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां अधिकारियों सहित एसडीआरएफ के जवानों ने आम , अमरूद , नींबू जैसे पचास फलदार वृक्ष लंगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया। इस वृक्षारोपण के दौरान आचार्य सुमन पांडेय ने वेदमंत्रों के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराया। इस अवसर पर मेजर ध्रुव कुमार साहू समेत एसडीआरएफ बिलासपुर के सभी जवान उपस्थित रहे। कभी आग या पानी में फंसे लोगों की जान बचाने में अपने जान की बाजी लगाने वाले एसडीआरएफ के जवान एक पैर पर खड़े होकर इस अभियान को सफल बनाने में लगे थे। उमस भरी गर्मी व चिलचिलाती धूप में माथे से टपक रहे पसीना और हाथ में कुदाल व खुरपी थामे जवानों का हौसला देखते ही बनता था। पौधारोपण कार्यक्रम के बाद एसडीआरएफ के जवान दीपक तिवारी ने चर्चा करतें हुये अरविन्द तिवारी से कहा कि जितनी तेजी से प्रकृति का दोहन हो रहा है उससे कई गुना प्रदूषण बढ़ रहा है। आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देने और उन्हें प्रकृति का स्पर्श महसूस कराने हमें पेड़ लगाने होंगे। उन्होंने कहा कि लगातार काटे जा रहे पेड़ पौधे के चलते पर्यावरण पर संकट आ गया है , ग्लोबल वार्मिंग तेजी से हो रही है।वृक्ष धरती के आभूषण हैं। इनके नहीं रहने से धरा सुनी हो जाती है। यही नहीं इनके बिना अनेक प्रकार के प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ता है। जीवन को बचाने के लिये पौधा लगाना अतिआवश्यक है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे साल में एक बार पौधे जरूर लगायें। साथ ही कहा सिर्फ पौधे लगाने से काम नहीं चलेगा बल्कि इसकी देखभाल भी जरुरी है। लोगों की जान बचाने के साथ साथ दीपक का पर्यावरण प्रेम भी उनको जीवन में नई उंचाईयों पर ले जाने का काम करेगा और इससे लोगो में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति रुझान बढ़ेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.