मौसमी बीमारी से बचाव एवं बूस्टर डोज के लिये मैदानी अमले की मैराथन बैठक।
पिथौरा। जनपद पंचायत अंतर्गत सीमावर्ती गांव में फैले डायरिया के प्रकोप को नियंत्रित करने के बाद प्रशासन अब पेयजल स्त्रोतों की सफाई और अन्य सावधानियां बरतने के लिये मुस्तैद दिख रहा है। इस कड़ी में एस.डी.एम. एवं सी.ई.ओ. ने मैदानी अमले की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
एस.डी.एम. राकेश कुमार गोलछा एवं जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सनत महादेवा ने पंचायत सचिव, करारोपण अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, तकनीकी सहायक की बैठक ली। बैठक में प्रशासन ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि ब्लॉक मुख्यालय के दूरस्थ ग्रामों क्रमशः कंचनपुर, बिजेमाल, केशरपुर में डायरिया फैलने के बाद मुस्तैदी से तुरन्त नियंत्रण पा लिया गया। किन्तु एस.डी.एम. श्री गोलछा ने आगाह करते हुये कहा कि बरसाती सीजन में मौसमी बीमारियों के खतरे को भाँपते हुये बचाव के आवश्यक उपाय कर लिये जाये इसके लिये पेयजल स्त्रोतों में पानी की शुद्धता की जांच आवश्यक रूप से करा ली जाये। इसी तरह सार्वजनिक स्थलों एवं पेयजल स्त्रोतों के आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था की जाये। आजादी के अमृत महोत्सव पर सरकार द्वारा लगाये जा रहे निःशुल्क कोविड टीकाकरण एवं बूस्टर डोज के प्रति लोगो को प्रेरित का आव्हान करते हुये उन्होंने बताया की स्वस्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की व्यवस्था की गई हैं जिससे प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभ दिलाया जाना है। ताकि कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग निर्णायक रूप से जीती जा सके।
उन्होंने महाअभियान के दौरान ग्राम पंचायत जंघोरा में महासमुंद जिले में एक दिन में सर्वाधिक बूस्टर डोज लगवाने के लिये पंचायत के सरपंच तेजराम पटेल एवं सचिव पुनित सिन्हा की प्रशंसा की।
जनपद सी.ई.ओ. सनत महादेवा ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिये 11 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाये जा रहे हर घर झंडा अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनपद क्षेत्र अंर्तगत चल रहे विकास कार्यों, अपूर्ण कार्यो एवं मनरेगा के तहत चल रहे श्रम मूलक कार्यो की समीक्षा की।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.