विधायक कुंवर सिंह ने गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राशि देने का किया आग्रह
सीएनआई न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू
बालोद।जिले के दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की समस्याओं को गुंडरदेही विधायक व संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने किसानों की मांगों को अति शीघ्र पूर्ण करने का अनुरोध मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कारखाना प्रबंध संचालक को पत्र लिखा है। विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा है कि कारखाना में पेराई सीजन 2020-21 में खरीदे गए गन्ना की अंतर राशि 14.25रु प्रति क्विंटल के हिसाब से अभी तक किसानों को नहीं मिला है। जिन्हें अति शीघ्र प्रदान किया जाए। उन्होंने बताया है कि दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना बालोद में गन्ना पेराई क्षमता दो लाख मैट्रिक टन है। सीजन 2021 में कारखाना द्वारा 682 कृषकों से 32546.705 मेट्रिक टन गन्ना क्रय किया गया, जिससे पेराई सत्र की रिकवरी 10.40% रही। वहीं राज्य सरकार द्वारा घोषित गन्ना क्रय 355 रुपए प्रति क्विंटल की राशि 84.50 रुपए प्रति क्विंटल की दर से समान रूप से राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि का भुगतान किया जाना है, जिसमें राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा 70 रुपए प्रति क्विंटल की दर से राशि दी जा चुकी है। आदान सहायता राशि में 14.25 रु राशि देना शेष है। जिसकी मांग गन्ना किसानों द्वारा लगातार की जा रही है। पत्र में विधायक निषाद ने उक्त राशि को अति शीघ्र प्रदान करने की बात मुख्यमंत्री से कही है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.