राज्य स्तरीय युवा महोत्सव रायपुर में खैरागढ़ रहा करमा नृत्य का चैम्पियन
केसीजी कलेक्टर डॉ. जगदीश सोनकर ने करमा नृत्य के विजेता खैरागढ़ की टीम और मार्गदर्शक प्रशिक्षकों को दी बधाई
40 से अधिक आयु वर्ग में कोरबा, महासमुंद और जशपुर जिले को हराकर खैरागढ़ बना विजेता
करमा नृत्य प्रतियोगिता, रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दो आयु वर्ग हो रही 15 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक
15 से 40 आयु वर्ग में दुर्ग, सूरजपुर, कांकेर और बालोद जिले को हराकर रायगढ़ बना विजेता
खैरगढ़ 28 जनवरी 2023
राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के पहले दिन मुख्य मंच में मांदर की थाप पर कलाकार खूब थिरके। साइंस कॉलेज मैदान में 15 से 40 आयु वर्ग में करमा नृत्य में दुर्ग, रायगढ़, सूरजपुर, कांकेर और बालोद जिले के कलाकारों ने पारम्परिक परिधानों से सज-धज कर मुख्य मंच पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कोरबा महासमुंद जशपुर और खैरागढ़ के कलाकारों ने करमा नृत्य की प्रस्तुति दी, जो दर्शकों को खूब भाया।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति में प्रचलित अनेक लोक नृत्यों में से करमा नृत्य एक है। करमा नृत्य राज्य में निवास करने वाली जनजातियों द्वारा किया जाता है। ये जनजातियां सरई एवं करम वृक्ष के नीचे इकठ्ठा होकर करमा गीत गाकर नृत्य करते हैं। जनजाति समूह वर्ष में एक बार इकठ्ठा होकर देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करके उत्सव मनाते हैं और करम वृक्ष की टहनी को जमीन में गड़ाकर चारों और घूम-घूमकर आनंदपूर्वक करमा नृत्य करते हैं। करमा नृत्य हमें कर्म का संदेश देता है।
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में 15 से 40 आयु वर्ग में करमा नृत्य में रायगढ़ प्रथम, कांकेर द्वितीय एवं सूरजपुर तृतीय स्थान पर रहा। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में खैरागढ़ प्रथम, महासमुंद द्वितीय एवं जशपुर तृतीय स्थान पर रहा।
*सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.