हाथ से हाथ जोड़ने कांग्रेस की पदयात्रा, विधायक छन्नी साहू ने कहा - राहुल गांधी नफरत मिटाकर आपसी भाईचारा का संदेश दे रहे.. भारत जोड़ो यात्रा एक मिसाल है
0 बागनदी से चाबुकनाला, रानीपुर खड़खड़ी, आंको, पेंड्रीडीह तक निकली हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा
छुरिया।
भारत जोड़ो यात्रा के तर्ज पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का शुभारम्भ विकासखंड छुरिया के ग्राम बागनदी के अष्टभुजा देवी परिसर से हुआ। गांवों के रास्ते से गुजरती हुई यात्रा में हर अंतराल में लोग जुड़ते गए और कारवां बड़ा होता गया।
विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू ने पदाधिकारियों – कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों को छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं से अवगत कराते हुए कांग्रेस की विचार धारा और उसका उद्देश्य बताया। हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा शुक्रवार को बागनदी से होकर चाबुकनाला, रानीपुर खड़खड़ी, आंको होते हुए पेंड्रीडीह पहुँची।
इस मौके पर अलग – अलग जगहों पर विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने अपने हाथों से पांपलेट बांटते हुए लोगों से इस यात्रा में जुड़ने की अपील भी की। जगह – जगह पर ग्रामीणों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत भी किया।
इस यात्रा के उद्देश्य से सभी को अवगत कराते हुए विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जी देश में सभी पंथों में आपसी भाईचारे और नफरत के खिलाफ कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर भारत जोड़ो यात्रा की यात्रा पर निकले हैं। वर्तमान में यह यात्रा कश्मीर पहुंच चुकी है और अनेकता में एकता का संदेश घर-घर तक पहुंच रहा है। भारत जोड़ो यात्रा वास्तविकता में एक मिसाल है। इसी तर्ज पर कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ने की मुहिम शुरु की है जिसे लेकर हम सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता आपके बीच आएं हैं।
यात्रा प्रभारी विपिन गोस्वामी ने कहा कि – ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सरकार की योजनाएं, कांग्रेस की गांधीवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। बीते चार वर्षों में सरकार ने छत्तीसगढ़ को एक नई ऊर्जा दी है जिसके संचार से हर हाथ में रोजगार है और आर्थिक तरक्की मिली है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रितेश जैन ने कहा कि – खुज्जी विधानसभा क्षेत्र 4 वर्षों में विकास के नए आयामों तक पहुंचा है। विधायक श्रीमती छन्नी साहू के प्रयास और सरकार की समान विकास की नीतियों से क्षेत्र को बड़ा लाभ मिला है। हम ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे फीडबैक तो ले ही रहे हैं इसके अलावा उनकी जरुरतों पर भी चर्चा कर रहे हैं।
विधायक श्रीमती छन्नी सरहू ने कहा कि, इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि जन-जन तक पहुंचकर व ग्रामीणों की समस्याओ से अवगत होकर उसका निदान करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। समुदायों को एक सूत्र में जोड़ने भी इसमें शामिल है। हमें धर्म व जाति से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, राज्य की मौजूदा कांग्रेस सरकार विकास, विश्वास और न्याय के सिद्धांतों का पालन कर खुशहाल नवा छत्तीसगढ़ गढ़ रही है। गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने युवाओं के बेरोजगारी भत्ता दिए जाने से लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की है। श्रमिको को आवास के लिए 50 हजार का अनुदान, कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने और हमारी संस्कृति – परंपरा को आगे बढ़ाने नवाचार की नई नीति की घोषणा कर उन्होंने प्रदेश को आगे ले जाने के उद्देश्य को स्पष्ट कर दिया है।
यात्रा के दौरान पूर्व विधायक भोलाराम साहू, यात्रा प्रभारी विपिन गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामछत्री चंद्रवंशी, ब्लाक अध्यक्ष रितेश जैन, जिला महामंत्री चुम्मन साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा, जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष लादूराम तुमरेकी, ब्लाक महिला कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रिका वर्मा, सेक्टर प्रभारी विजय साहू, जोन प्रभारी अमित अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि एकनाथ सिन्हा, ओबीसी सेल अध्यक्ष कमलेश यादव, एससी सेल अध्यक्ष, प्राधिकरण सदस्य मनोज सिन्हा, बिट्टू भाटिया, राजू सिन्हा, ललित कुमार साहू, रामगुलाल घावड़े, सरपंच लीला कोठारी, सरपंच धनेश्वरी यादव, सुरेश सहारे, चैत राम साहू, मिलाप दास, जान्तु राम, जाहिद खान, धनेंद्र कोठारी, कमलू राम, सूरज लाल, उमराव चंद्रवंशी, कृष्णा राम, राजभान, अनूप साहू, सुकारो बाई के साथ साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व कार्यकर्तागण उपस्थित रहें।
0 विधायक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
यात्रा के बीच अलग-अलग ग्रामों में पहुंचने पर विधायक श्रीमती साहू ने ग्रामीणों की मांगों पर विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी किया। उन्होंने ग्राम चाबुकनाला में 4.10 लाख की लागत से बनाए जाने वाले यात्री प्रतिक्षालय का भूमिपूजन किया। ग्राम पेंड्रीडीह में 4 लाख की लागत से बनने वाले महिला शेड का भूमिपूजन व 6 लाख की लागत से निर्मित उद्यान निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया।
----------




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.