अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
हिरोशिमा (जापान) - भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी -7 के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिये जापान के ऐतिहासिक शहर हिरोशिमा पहुंच चुके हैं। कोई भारतीय प्रधानमंत्री 66 साल बाद हिरोशिमा पहुंच रहा है। वर्ष 1957 में जवाहर लाल नेहरू जापान के हिरोशिमा गये थे , उसके बाद यह पहला मौका है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री हिरोशिमा में सम्मेलन में शिरकत कर रहा है। जब दुनियां रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध देख रही है। यहां एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ , जापानी प्रतिनिधि मंडल ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी का विमान जब हिरोशिमा एयरपोर्ट पहुंचा तो वहां बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग भी पीएम मोदी के स्वागत के लिये पहुंचे हुये थे। भारतीय समुदाय के लोगों ने जोर शोर से हर-हर मोदी , घर-घर मोदी और भारत माता की जय के नारे भी लगाये। एयरपोर्ट से निकलने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी हिरोशिमा के होटल शेरेटन पहुंचे। यहां भी पीएम मोदी का बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे थे। भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम का स्वागत के लिये होटल के बाहर छोटे-छोटे बच्चे हाथों में तिरंगा लिये पहुंचे थे। पीएम मोदी के स्वागत में होटल के बाहर एक भारतीय समुदाय की एक महिला ‘टोकियो चाय वाली’ का बैज लगाकर पहुंची थी। होटल पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत की। शेरेटन होटल के बाहर पीएम मोदी से मिलने वाली प्रवासी भारतीय लोगों ने पीएम से मिलकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने पीएम से मिलने के बाद कहा कि पीएम मोदी हमसे मिले और उन्होंने कहा कि वह भी हमसे मिलकर खुश हैं। उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी छह दिनों के विदेश दौरे पर हैं। इन छह दिनों में पीएम मोदी जापान , पपुआ न्यु गिनी और ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे। पीएम की यात्रा का पहला पड़ाव जापान का हिरोशिमा शहर है जहां वे जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बार जी-7 की 49वीं समिट में भारत को बतौर गेस्ट नेशन इनवाइट किया गया है। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि पीएम मोदी सम्मेलन के तीन सेशन में हिस्सा लेंगे। जापान यात्रा के दौरान पीएम फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय वार्ता में आर्थिक मामलों सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा होगी। पीएम मोदी यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके अलावा भी कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बातचीत को लेकर कार्यक्रम तय किये जा रहे हैं। बताते चलें कि जी-7 दुनियां के सबसे धनी लोकतंत्रों का एक समूह है। इसमें संयुक्त राज्य अमेरिका , यूनाइटेड किंगडम , जापान , कनाडा , जर्मनी , फ्रांस और इटली है। इसके सदस्य देशों के अलावा हिरोशिमा में हो रहे सम्मेलन में कुल आठ देशों को मेहमान के तौर पर जापान में आमंत्रित किया गया है। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भारत के अलावा दक्षिण कोरिया , ऑस्ट्रेलिया , ब्राजील, वियतनाम , इंडोनेशिया , कोमोरोस और कुक आइलैंड्स को भी आमंत्रित किया है।
पीएम मोदी के आज के कार्यक्रम
सुबह सवा सात बजे से आठ बजे तक क्वाड समिट में शामिल होंगे।साढ़े आठ बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण (परमाणु बम हमले में मारे गये लोगों को हिरोशिमा के स्मारक पर श्रद्धांजलि) , इसके बाद पीएम मोदी होटल शेरेटन ग्रांड पहुंचेंगे। साढ़े दस बजे महामहिम हान डक-सू के साथ द्विपक्षीय बैठक , पूर्वाह्न ग्यारह बजे कोरिया गणराज्य के प्रधानमंत्री से मुलाकात , इसके बाद महामहिम फाम मिन्ह चिन्ह के साथ द्विपक्षीय बैठक , इसकू बाद वियतनाम के प्रधानमंत्री के साथ बैठक , दोपहर ढाई बजे पीएम मोदी ग्रैंड प्रिंस होटल पहुंचेंगे और यहां जापान के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी के साथ स्वागत फोटो सेशन होगा। शाम को विभिन्न संकटों को दूर करने के लिये एक साथ कार्य करने पर आयोजित सत्र (खाद्य स्वास्थ्य , विकास , लिंग सहित) में शिरकत , समूह फ़ोटो सेशन , फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद सोशल डिनर में शामिल होंगे। वहीं पहले दो सत्र के विषय खाद्य एवं स्वास्थ्य और लैंगिक समानता तथा जलवायु परिवर्तन व पर्यावरण होंगे। वहीं तीसरे सत्र में शांतिपूर्ण , टिकाऊ एवं प्रगतिशील विश्व जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
जापान से पहुंचेंगे पापुआ न्यू गिनी
अपने विदेश यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 मई को पापुआ न्यू गिनी पहुंचेंगे। जहां वे पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मार्पे के साथ संयुक्त रूप से हिंद-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच की मेजबानी करेंगे। इस मंच में भारत और प्रशांत द्वीप समूह के 14 देश शामिल है। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पापुआ न्यू गिनी की पहली यात्रा होगी। यहां वह फिजी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्रियों के साथ भी मुलाकात करेंगे।
सिडनी में भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
वहीं अपने विदेश यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 22 मई को आस्ट्रेलिया पहुंचेंगे और 24 मई को आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसी दिन वे ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख कारोबियों और निजी कंपनियों के सीईओ से मुलाकात करेंगे। वहीं 23 मई को प्रधानमंत्री सिडनी में एक कार्यक्रम में शिरकत कर भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.