चल रहा अभियान... प्रशासनिक पहल से नदियों की दशा सुधर रही
जनसहयोग से मोती नाला के बाद अब मुस्का नदी की शुरू की गई है सफाई
शहर की जीवनदायिनी नदियों का संरक्षण करने कलेक्टर के निर्देश के बाद पालिका ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नाली नालों की सफाई के बाद अब नदियों की सफाई अभियान मुस्का नदी से किया गया है। शहर के दाउचौरा वार्ड से गुजरने वाली मुस्का नदी का वृहद सफाई अभियान जनसहयोग से चलाया जा रहा है।
खैरागढ़. इससे पहले टिकरापारा स्थित मोतीनाला की सफाई के साथ अभियान का आगाज विधायक यशोदा वर्मा कलेक्टर गोपाल वर्मा की अगुवाई में शुरू किया गया। मोतीनाला के मुस्का नदी में मिलने वाली जगह तक की सप्ताह भर तक चली सफाई में खरपतवार, प्लास्टिक, गंदगी, सहित बड़ी मात्रा मे घरों से निकलने वाले कचरे को निकाला गया। पालिका के सफाई विभाग सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ठेकेदारो के सहयोग से मोतीनाला की सफाई पूरी कर ली गई है। अब अभियान मुस्का नदी मे चलाया जा रहा है।
दस साल बाद हो रही नदियों की सफाई: शहर की जीवनदायिनी नदियाें की सफाई के लिए प्रशासन ने दस साल बाद अभियान छेड़ा है। इससे पहले स्वच्छता अभियान के तहत 13-14 मे तत्कालीन एसडीएम पीएस ध्रूव, नपा सीएमओ पीएस सोम की अगुवाई मे नदियों की सफाई और गहरीकरण के लिए जनसहयोग से अभियान चलाया गया था। मुस्का नदी में दाऊचौरा वार्ड में बनाए गए एनीकट का गहरीकरण करने से कुछ सालाें तक यहाँ पानी की उपलब्धता भी रही थी। लेकिन उसके बाद गहरीकरण तो दूर सफाई भी नहीं कराई जा सकी। जिसके चलते मुस्का, पिपरिया नदियों की गहराई भी कचरा और जमावड़ा से कम होती गई। अब सफाई अभियान मे कचरा निकालने के बाद ही मुस्का नदी की गहराई दो से तीन फीट तक बढ़ गई है। मुस्का नदी के साथ पिपरिया और आमनेर नदी मे भी प्रशासन जनसहयोग से सफाई अभियान चलाएगा।
लोग सहयोग करने सामने आ रहे हैं
नदियों की सफाई का कार्य प्रशासनिक मार्गदर्शन मे जनसहयोग से किया जा रहा है। सफाई के लिए पालिका की स्वच्छता टीम जूटी है तो दूसरी ओर जेसीबी, पोकलेन सहित कचराें का निपटान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ठेकेदाराें द्वारा किया जा रहा है। सफाई के दौरान निकलने वाले कचरों और मिटटी का उपयोग पालिका क्षेत्र मे डूबान इलाके वाली जगहों को समतल करने किया जा रहा है। मुस्का नदी से निकल रहे कचरे मिटटी को धरमपूरा और टिकरापारा में संचालित मणिकंचन केन्द्र के गडढाें को भराव करने किया जा रहा है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने 15 जून के पूर्व नदियों की व्यापक सफाई के निर्देश पालिका को दिए हैं। सफाई अभियान के दौरान नपा उपाध्यक्ष रज्जाक खान, समाजसेवी राजेश चंदवानी, नपासभापति शत्रूहन धृतलहरे, जागेश्वर शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
नदियों की सफाई अभियान जारी है। स्थानीय लोगों के जनसहयोग से मोतीनाला की सफाई की गई है। मुस्का नदी सफाई जारी है। पिपरिया और आमनेर नदी की सफाई भी करवाई जाएगी। इसका लाभ बारिश के दौरान मिलेगा।
सूरज सिदार, सीएमओ नगर पालिका खैरागढ़
*सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.