सूने मकानों को बना रहे हैं निशाना: एसपी कार्यालय के सामने स्थित इंद्रलोक सिटी में चोरी की वारदात से सहमे रहवासी
शिक्षक सहित तीन घरों में चोरी, लाखाें का सामान हुआ पार
कॉलोनी में सुरक्षा इंतजाम की कमी
खैरागढ़.- एसपी कार्यालय से 100 मीटर दूरी पर स्थित इंद्रलोक सिटी कॉलोनी में फिर से तीन सूने मकानाें में चोरी हो गई। मकान मालिक विभिन्न कारणाें से बाहर थे। एक घर के मालिक के बुधवार को वापस आने के बाद घर का मुख्य दरवाजा टूटे होने के बाद चोरी का खुलासा हुआ। जबकि दूसरे घर मालिक पीतांबर जंघेल को भी घर का ताला टूटे होने की जांच के दौरान खबर दी गई। तीसरे घर के मालिक को सूचना देने पुलिस जुटी है।
तीनों मकान पिछले सप्ताह भर से बंद पडे़ थे। गुरूवार को सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने घर मालिकों के सामने जांच शुरू की। इंद्रलोक सिटी चोरों के निशाने पर है। शहर में चोरी की घटनाआें में से 90 फीसदी मामले इसी कॉलोनी में होते हैं। इंद्रलोक सिटी कॉलोनी में रहने वाली शिक्षिका उत्तरा निर्मलकर के अनुसार उनके घर के मुख्य चैनल गेट को फांद कर चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़ कर आलमारी से चांदी, सोने के जेवरात नगदी सहित 35 हजार रुपए की चोरी की है। महिला ने बताया कि वह पिता की तबियत खराब होने पर अपने मायके काचरी गई थी। इसी तरह जांच के दौरान पीतांबर जंघेल के घर भी नगदी सहित सामानों की चोरी सामने आई है। एक अन्य मकान के मालिक जांच के दौरान पहुंच नहीं पाए हैं।
पुलिस जांच में इंद्रलोक कॉलोनी में सुरक्षा इंतजाम में लापरवाही सामने आई है। थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि कॉलोनी आऊटर में होने के बाद भी चारों ओर बाऊंड्रीवॉल नहीं बनाया गया है। मुख्य दरवाजे पर सुरक्षा संबंधी गार्ड और कैमरे की व्यवस्था नहीं की गई है। कॉलोनी में अभी भी कई मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है जिसके कारण कई लोगों का आना-जाना लगा है। ऐसे में चोराें के लिए यहां आसानी से घटना को अंजाम दिया जाता है।
*सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.