जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां हमने अपना वादा पूरा किया: प्रियंका गांधी
सी एन आई न्यूज/ जबलपुर।कांग्रेस ने अब मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर पहुंचीं और ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-आरती की। वहीं भवरताल गार्डन स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पहुंच कर उन्होंने माल्यार्पण किया इस मौके पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के नागरिक मौजूद रहे प्रियंका ने कहा, आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है।
धन-बल से जनादेश को कुचला जाता है। पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली।
सदियों, हजारों सालों से करोड़ों लोगों की आस्था नर्मदा जी और मध्य प्रदेश की धरती से जुड़ी हुई है। धर्म में जिस तरह की आस्था होती है, इस तरह की आस्था राजनीति में भी होनी चाहिए। इसी तरह की आस्था नेताओं में जनता, देश और प्रदेश के प्रति होनी चाहिए। जिन लोगों ने हमारी आजादी की लड़ाई लड़ी, उनके दिलों में ऐसी ही आस्था थी। अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया। वे ऐसा इसलिए कर पाए क्योंकि उनके दिलों में जनता और देश के प्रति आस्था थी। आज की राजनीति में वो आस्था क्यों नहीं है। ये कर्मकांड क्यों बन गया है कि चुनाव के समय घोषणाएं हो जाती हैं, लेकिन जो ये वादा करता है, उन वादों में उसकी खुद की आस्था नहीं है।
धनादेश के बलपर जनादेश को कुचला जाता है। पिछले चुनाव में आपने हमारी सरकार बनाई, लेकिन भाजपा ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी सरकार बना ली।
तीन सालों में मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार ने मात्र कुछ लोगों को नौकरी दी है। ये किसकी सरकार है और कैसे चल रही है। भाजपा ने प्रदेश में रिश्वतराज और घोटालाराज कायम किया है। घोटाले पर घोटाला हो रहा है।
राशन घोटाला, स्कॉलरशिप घोटाला, व्यापम घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, खनन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग का घोटाला, ई-टेंडर घोटाला, टीवी सेट वितरण घोटाला। इन्होंने नर्मदा मैया और महाकाल कॉरिडोर को भी नहीं छोड़ा। उसमें भी घोटाला किया है। भाजपा ने 220 महीनों के शासन में 225 घोटाले किए हैं। हर महीने एक नया घोटाला कर रहे हैं।
ये 18 सालों से सत्ता में हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने महिलाओं के लिए घोषणाएं कीं। वो इसलिए की क्योंकि छह महीने में चुनाव आ रहा है। इतने सालों से ये घोषणा क्यों नहीं की, चुनाव के पहले करने की क्या जरूरत है। इनका व्यवहार दिखा रहा है कि ये सब कर्मकांड है, उन्हें आपके कल्याण में कोई आस्था नहीं है।
हिमाचल और कर्नाटक में भी डबल इंजन की बातें करते थे, लेकिन जनता ने दिखा दिया इनको कि ये डबल इंजन के बातें बंद करो, ये करके दिखाओ वरना हम आपको निकाल देंगे।
बेरोजगारी, महंगाई, आदिवासी, किसानों और नौजवानों के मुद्दे उठाते हुए शिवराज सरकार की नाकामियां गिनाईं।
ये सरकार सिर्फ घोटालों और भ्रष्टाचार के लिए चली है। मध्य प्रदेश में हमारे भी कुछ नेता थे जो सत्ता की वजह से छोड़कर चले गए। अपनी विचारधारा भूल गए। आपके प्रदेश के मुख्यमंत्री घोषणावीर जी हैं। इन्होंने 18 साल में 22000 घोषणाएं कीं। अगर 22000 नौकरियां ही दिलवा देते तो जनता का कुछ फायदा होता, लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया।
कांग्रेस की सरकार वाले प्रदेशों में पुरानी पेंशन फिर से लागू हुई है। कांग्रेस ने अपने राज्यों में जो भी वादा किया, उसे पूरा किया। कर्नाटक में पांच गारंटी दी और सरकार बनते ही पूरा किया। हिमाचल ने हमने जो भी वादा किया, उसे पूरा कर रहे हैं।
जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां हमने अपना वादा पूरा किया है। मध्य प्रदेश में भी मात्र डेढ़ साल की सरकार में कांग्रेस ने 27 लाख किसानों का 11,600 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया, सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 300 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए किया, 1 करोड़ परिवारों को 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली योजना का लाभ मिला, 1 हजार गौशालाओं का निर्माण हुआ, आदिवासियों के लिए 12 हजार बर्तन बैंक बनाए
अगर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो हम कुछ गारंटी लाए हैं जिन्हें 100 प्रतिशत लागू करेंगे। हमने कर्नाटक में यही वादा किया था और सरकार बनते ही लागू किया। महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए, 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ, पुरानी पेंशन स्कीम लागू, किसानों का कर्ज माफ
आपको नकारने वाली राजनीति बहुत आगे बढ़ चुकी है। हम सबके लिए धर्म सर्वोपरि है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जनता के जज्बातों को उकसाया जाए और वोट मांगा जाए। कोई दल बार बार ऐसा कर रहा है तो आप उनकी आदत बिगाड़ रहे हैं। आप अपने लिए, अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट कीजिए। मैं यहां किसी की आलोचना करने नहीं आई हूं। मैं आपसे वोट नहीं, जागरूकता मांगने आई हूं।
मैं जानती हूं कि कितनी मुश्किल से निर्माण होता है। किसी चीज को बनाने में क्या नहीं लगता, खून पसीना लगता है। मेरे परिवार के सदस्यों ने खून दिया है इस देश को बनाने के लिए। मैं जानती हूं कि निर्माण में कितना संघर्ष है। मुझे दिखता है कि क्या हो रहा है और मैं चाहती हूं कि आपको भी सच्चाई दिखे।
प्रियंका ने सभा में आगे कहा, मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरूकता मांगने आई हूं। आपके पास 6 महीने हैं। इन 6 महीनों में देखिए कांग्रेस की सरकारें अपने प्रदेश में क्या कर रही हैं। अपना वोट अपने लिए डालिए।
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी की मौजूदगी में शंख बजाकर चुनावी शंखनाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी के द्वारा किया गया है पांच ब्राह्मणों के द्वारा शंख बजाकर जबलपुर संस्कारधानी से विधानसभा चुनाव 2023 का शंखनाद किया गया है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.