कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक
जन्म से 05 वर्ष तक के छूटे हुए सभी बच्चों का होगा टीकाकरण
उत्तर बस्तर कांकेर 01 अगस्त 2023ः- कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मिशन इंद्रधनुष तथा मीजल्स उन्मूलन और यूविन डिजटल माध्यम की चर्चा की गई एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि जिले में मिशन इन्द्र धनुष का प्रथम चरण 7 से 12 अगस्त, द्वितीय चरण 11 से 16 सितम्बर और तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर तक चलाया जायेगा, जिसके तहत जन्म से 05 वर्ष आयु वर्ग के टीकाकरण से सभी छूटे बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जावेगा, साथ ही गर्भवती महिलाओं की जांच एवं टीकाकरण भी किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग इत्यादि विभागों के अधिकारी कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जायेगा। इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन द्वारा घर-घर सर्वे के माध्यम से छूटे बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें टीकाकरण स्थल में ले जाकर टीका लगाने के लिए प्रेरित एवं सहयोग किया जायेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ओ. पी. शंखवार एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के एस. एम. ओ. डॉ. अपर्णा माकवे ने जिले में मीजल्स रूबेला के पहले एवं दूसरे डोज से छूटे बच्चों को शत-प्रतिशत टीकाकरण किये जाने के लिए कार्ययोजना, लक्ष्य एवं तैयारी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित लक्ष्य अनुसार गर्भवती माताओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करना सुनिश्चित करें।
सीएनआई न्यूज कांकेर से हेमन्त कुमार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.