एटीएम कार्ड बदलकर दो लाख रूपये धोखाधड़ी करने के दो आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कोरबा - एटीएम कार्ड बदलकर दो लाख रूपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय एटीएम फ्राड गिरोह के दो आरोपियों को घटना के महज तीन घंटे के भीतर कोरबा पुलिस ने नाकेबंदी से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में पत्रकारों से मामले का खुलासा करते हुये नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा रॉबिनसन गुडिया ने बताया गत दिवस ग्यारह सितंबर को प्रार्थी आशीष कांत पाल पिता अवनीकांत पाल उम्र 67 वर्ष निवासी नेहरुनगर एमआईजी-71 चौकी मानिकपुर जिला कोरबा के द्वारा पुलिस चौकी सीएसईबी थाना सिविल लाईन रामपुर जिला कोरबा में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि प्रार्थी बालको प्लांट से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। प्रार्थी के नाम पर आईसीआईसीआई बैंक टीपी नगर कोरबा में खाता है , उक्त खाते में प्लेटिनम डेबिट कार्ड आवंटित हुआ है। अपने निजी कार्य हेतु रकम की आवश्यकता होने पर ग्यारह सितंबर को सुबह लगभग दस बजे बुधवारी बाजार कोरबा स्थित एसबीआई एटीएम में रकम आहरण करने गया था। एटीएम में रकम आहरण करने के लिये जैसे ही मैने अपना एटीएम कार्ड मशीन मे डाला , उसके बाद एटीएम मशीन में कुछ एरर आ गया तथा मेरे द्वारा दिये गये कमाण्ड को नही ले रहा था। उसी समय एक लड़का एटीएम कक्ष में आकर प्रार्थी को बोला कि आपके कार्ड में कोई गड़बड़ी हो गई होगी , मैं अपना कार्ड डालकर देखता हूँ कहकर प्रार्थी के एटीएम कार्ड उसने मशीन से निकाला और अपना कार्ड डालकर देखा। किन्तु उसमें भी एरर बताने लगा , फिर वह लड़का प्रार्थी के एटीएम कार्ड को लौटाते हुये एक कार्ड दिया और चला गया। कुछ देर में प्रार्थी के मोबाईल पर एक लाख रूपये आहरण हो जाने का मैसेज आया , तब तत्काल बैंक प्रबंधन को फोन कर अपना कार्ड ब्लॉक करने हेतु सूचना दिया। इसी दौरान पुनः एक लाख रुपये खाते से आहरण हो गया। फिर प्रार्थी को एहसास हुआ कि बुधवारी एटीएम में मिला लड़का उनकी मदद करने के बहाने छलपूर्वक एटीएम कार्ड को बदलकर अपना कार्ड दे दिया और प्रार्थी के एटीएम कार्ड से दो लाख रूपये आहरण कर धोखाधड़ी किया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 412/2023 धारा 420.120 (बी) मा०य०वि० पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये तत्काल घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक कोरबा उदय किरण , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा अभिषेक वर्मा , नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा रॉबिनसन गुडिया एवं थाना प्रभारी सिविल लाईन रामपुर साथ में प्रभारी सायबर सेल कोरबा को दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल की टीम चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवीन पटेल द्वारा अपने अधिनस्थ स्टाफ आरक्षक देवनारायण कुर्रे , गोपीराम दिव्य , हेराम चौहान को साथ लेकर घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर संदिग्ध आरोपियों की पहचान तत्परता से किया गया। टीम के द्वारा कोरबा जिले के सम्पूर्ण थाना / चौकी क्षेत्र में नाकेबंदी कराया गया तथा संदिग्धों का फोटोग्राफ विभागीय तौर पर प्रसारित किया गया , चेकिंग के दौरान पुलिस थाना कटघोरा क्षेत्र में निरीक्षक अश्वनी राठौर , सउनि रफीक खान , आरक्षक महेन्द्र चन्द्रा , रमेश कश्यप के द्वारा आरोपीगण के पुनः ठगी करने के प्रयास में पंजाब नेशनल बैंक एटीएम के पास एक आरोपी विक्रम उर्फ संदीप जाट को पकड़ा गया। जिनके अन्य साथियों की पतासाजी के दौरान दुसरा आरोपी शाहिद खान को बस से लुकछिप कर भागने के दौरान ग्राम बरीदखार गुरसिया थाना बांगो क्षेत्र में यातायात पुलिस चेकिंग पार्टी क्रमांक 02 में पदस्थ सउनि सुदामा पाटले , प्रधान आरक्षक साहेबराम खटकर , आरक्षक आलोक पाण्डेय , संतोष रात्रे की टीम द्वारा पकड़ा गया है। पकड़े गये आरोपीगण शाहीद खॉन एवं विक्रम गोदारा से पृथक-पृथक पूछताछ पर पता चला है कि उक्त अपराधियों के द्वारा इस अपराध के अतिरिक्त महारानी बाग थाना क्षेत्र नई दिल्ली में सत्तर हजार रूपये का , पुलिस थाना गोविन्दपुरी क्षेत्र नई दिल्ली में आर्म्स एक्ट के तहत , पुलिस थाना रेवाडी दिल्ली एनसीआर. में पचासी हजार रूपये , पुलिस थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पानीपथ दिल्ली एनसीआर. में एक लाख चौंतीस हजार रूपये , पुलिस थाना बगरू जिला जयपुर राजस्थान में अस्सी हजार रूपये एवं निवाड़ी जिला अलवर राजस्थान तीस हजार रूपये तथा पैंसठ हजार रूपये के दो मामले , पुलिस थाना मुजेसर जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में तीन - चार बार तथा पुलिस थाना 28 सेक्टर जिला फरीदाबाद (हरियाणा) में एक बार पुलिस थाना समालखा जिला पानीपथ क्षेत्र में दो लाख रुपये का एटीएम फ्रॉड का अपराध घटित करना स्वीकार किया है। अभी गत दिवस दस सितंबर को अंबिकापुर में चालीस हजार रुपये एवं कोरबा बुधवारी बाजार में प्रार्थी से दो लाख रुपये को एटीएम कार्ड बदलकर आहरण कर ठगी करना भी स्वीकार किये है। आरोपीगण के कब्जे से घटना घटित करने हेतु लाये गये कुल 47 नग पुराने एटीएम कार्ड तथा प्रार्थी से ठगी किया दो लाख रुपये मुताबिक जप्ती पत्रक के पुलिस ने जप्त कर लिया है। चौकी पुलिस सीएसईबी थाना सिविल लाइन रामपुर कोरबा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में संयुक्त पुलिस टीम में साइबर सेल कोरबा , चौकी सीएसईबी थाना सिविल लाईन रामपुर , थाना कटघोरा , यातायात पुलिस की सराहनीय भूमिका रही है।
गिरफ्तार आरोपी -
शाहीद खान (हुसन) पिता आमीन उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम धागोट पो.आ. अलावलपुर थाना चांदहट पलवल जिला पलवल (हरियाणा) और विकम गोदारा उर्फ संदीप पिता स्व० अशील कुमार जाति जाट उम्र 34 साल निवासी ग्राम सुरखपुर (सुर्खपुर) पो.आ. जोनडीह थाना दुजाना जिला झझर (हरियाणा)


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.