राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईव्ही एम, व्हीव्हीपैट और कंट्रोल यूनिट का किया गया प्रथम रेण्डमाईजेशन
कवर्धा, 17 अक्टूबर 2023। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जनमेजय महोबे तथा राजनीतिक दलों की प्रतिनिधियों की उपस्थित में विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में उपयोग होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) से सम्बद्ध कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं व्हीव्हीपैट का आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रथम स्तरीय रेण्डमाईजेशन किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन कार्य में विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण के लिए नियुक्त जिला नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ऋतुराज बिसेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री आकांक्षा नायक, सहायक नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री एमके गुप्ता, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री नभ वर्मा एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महोबे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अधिकृत इंजिनियर्स द्वारा ईव्हीएम मशीन का प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) किया गया था। उक्त मशीनों की संख्या जिसमें बैलेट यूनिट (बीयू) 1574, कंट्रोल यूनिट 1075, व्हीव्हीपैट 1116 थी। उन मशीनों में से 60-60 मशीने प्रशिक्षण एवं मतदाता के लिए उपयोग किया गया। उन मशीनों को छोड़कर शेष मशीनों में से बैलेट यूनिट 120 प्रतिशत, कंट्रोल यूनिट 120 प्रतिशत और व्हीव्हीपैट 130 प्रतिशत विधानसभावार पृथककर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त सॉप्टवेयर के माध्यम से प्रथम स्तरीय रेण्डमाईजेशन किया गया। उक्त सूची के आधार पर ईव्हीएम मशीनों को अलग-अलग कर कबीरधाम जिले के क्षेत्र क्रमांक 71 पंडरिया और 72 कवर्धा विधानसभावार मोबाईल एप्प के माध्यम से रखा जाएगा।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक पंडरिया के 393 मतदान केन्द्र के लिए 471 बैलेट यूनिट, 471 कंट्रोल यूनिट तथा 510 व्हीव्हीपैट को सुरक्षित रखा गया है। इसी प्रकार कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 410 मतदान केन्द्र के लिए 492 बैलेट यूनिट, 492 कंट्रोल यूनिट तथा 533 व्हीव्हीपैट मशीन को सुरक्षित रखा गया है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.