गुयाना के राष्ट्रपति ने गले लगाकर किया पीएम मोदी का स्वागत
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जॉर्जटाउन - ब्राजील के जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब अपनी तीन देशों की पंचदिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में आज गुयाना पहुंच चुके हैं। यहां जॉर्जटाउन पहुंचने पर हवाई अड्डे पर गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने पीएम मोदी को गले लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान एक दर्जन से भी अधिक कैबिनेट मंत्री उपस्थित थे , सभी ने पीएम मोदी का आत्मिय स्वागत किया। गुयाना पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथ में तिरंगा झंड़ा और बैच लगाये हुये भारतीयों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में गुयाना में रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया , जहां भारतीय पोशाक में सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रधानमंत्री ने आनंद उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुयाना के जॉर्जटाउन में औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वे छप्पन सालों में गुयाना जाने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं , जो गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के निमंत्रण पर यहां पहुंचे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने गुयाना की यात्रा की थी।गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने गुयाना के चार मंत्रियों , ग्रेनेडा के प्रधानमंत्री और बारबाडोस के प्रधानमंत्री के साथ गुयाना के जॉर्जटाउन स्थित एक होटल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी की। प्रधानमंत्री मोदी को भारत-गुयाना के घनिष्ठ संबंधों के प्रमाण के रूप में जॉर्जटाउन शहर की चाबी भी सौंपी गई। अपनी यात्रा के दौरान मोदी राष्ट्रपति अली से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच अनूठे संबंधों को रणनीतिक दिशा देने पर विचार विमर्श करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी गुयाना की संसद की विशेष बैठक को संबोधित करेंगे , इसके अलावा वे दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में कैरेबियाई साझेदार देशों के नेताओं के साथ भी शामिल होंगे। गुयाना और बारबाडोस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च पुरस्कार प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुयाना प्रधानमंत्री अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार, "द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस" प्रदान करेगा , वहीं बारबाडोस बारबाडोस के प्रतिष्ठित मानद ऑर्डर ऑफ फ्रीडम से सम्मानित करेगा। यहां सभी कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत लौट जायेंगे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.