जवानों की शहादत व्यर्थ नही जायेगी - गृहमंत्री अमित शाह
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जगदलपुर - छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बनाया गया ये स्मारक लम्बी और वीरतापूर्ण लड़ाई में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को सम्मान और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का काम करेगा। वर्तमान छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले साल अपने गठन के समय जल्द से जल्द नक्सलवाद को समूल समाप्त करने का संकल्प लिया था। अब किसी को नक्सलवाद के कारण अपना परिजन ना गंवाना पड़े इसके लिये इस समस्या को पूरी तरह समाप्त करना है और इस दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार तीन मोर्चों पर दृढ़ता से काम कर रही है। जो आत्मसमर्पण करना चाहते हैं उनका समाज की मुख्यधारा में स्वागत है , जो हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ते , उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास और जो किसी की जान लेने पर आमादा हैं , उन्हें सज़ा दी जायेगी।
उक्त बातें केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज जगदलपुर में शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के एक साल में सबसे ज्यादा नक्सलवाद के क्षेत्र में कमी , नक्सली न्यूट्रलाइज़्ड , आत्मसमर्पण और गिरफ्तार हुये। छत्तीसगढ़ सरकार ने एक साल में बहुत अच्छी और सटीक रणनीति के साथ काम किया है , एक साल के अंदर छत्तीसगढ़ में 287 नक्सलियों को मारा गया, लगभग 1000 नक्सली गिरफ्तार हुए और 837 ने आत्मसमर्पण किया। छत्तीसगढ़ पुलिस के सभी बलों ने मिलकर तय दिशा और रणनीति के तहत एक मज़बूत अभियान शुरू किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 31 मार्च 2026 के बाद माँ दंतेश्वरी की भूमि पर नक्सलवाद के नाम पर एक भी बूँद खून नहीं बहेगा। गृहमंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद के कारण पिछड़े गांवों और लोगों के कल्याण के लिये चरणबद्ध योजना बनाई है। छत्तीसगढ़ सरकार की विकास योजनाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मज़बूत समर्थन और सहयोग प्राप्त है। प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों के लिये पन्द्रह हज़ार आवास स्वीकृत किये हैं और हर गांव में सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का सौ प्रतिशत सैचुरेशन और उनमें नक्सलवाद के कारण पीड़ित परिवारों को प्राथमिकता देने का काम भी किया जा रहा है। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद मुक्त भारत के अभियान को इस समस्या से पीड़ित परिवारों का समर्थन भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का गृह मंत्रालय , जनजातीय मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय मिलकर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरपूर प्रयास करेंगे। वहीं शाह ने परिजनों से चर्चा करते हुये कहा कि एक लम्बी और वेदनापूर्ण लड़ाई में आपने अपने परिजनों को खोया है , इस दर्द को कम नहीं किया जा सकता है। केंद्र और राज्य सरकार आपके साथ है। शहीदों के त्याग और बलिदान को चिर स्थाई बनाये रखने के लिये छत्तीसगढ़ सरकार उनकी पुण्य स्मृतियों को सहेजने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शहीदों के परिजनों की समस्या सुनने के लिए पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में सप्ताह में एक दिन नियत किया गया है। उन्होंने शासन की इस पहल की सराहना करते हुये कहा कि आईजी कार्यालय में कलेक्टर भी मौजूद रहें और इस मुहिम का हिस्सा बने। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आपके परिजनों की शहादत व्यर्थ नहीं जायेगी , केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार साथ मिलकर आपके हितों का ध्यान रखेगी। आप सभी के लिये जो बेहतर होगा वह कार्य करने के लिये हम सभी दृढ़संकल्पित हैं। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और शहीदों को नमन किया। सीएम ने कहा कि हमारे लिये बहुत खुशी की बात है कि हर बार जब हमारे जवानों को नक्सल मोर्चे पर सफलता मिली है। केंद्रीय गृहमंत्री ने उनकी हिम्मत बढ़ाई है और उनकी पीठ हमेशा थपथपाई है और आज भी वे आपकी हौसला अफजाई , आपके साहस और संकल्प के लिये आपके अभिनंदन के लिये आये हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शहीद जवानों की स्मृतियों को सहेजने केे लिये उनके गांवों में प्रतिमा की स्थापना करेगी। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में शांति व उन्नति के लिये शहीद हुये जवानों और नक्सली हिंसा में पीड़ित परिवार के परिजनों से हम लोग मिलना चाह रहे थे। आप सभी हमारे परिवार का हिस्सा हैं और अपनों को खोने का यह दुःख हम सभी को समान पीड़ा दे रहा है। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजन और नक्सली हिंसा से पीड़ित नागरिकों के परिजन उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने बस्तर प्रवास के दूसरे दिन आज जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका पहुंचकर अमर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अमर जवान स्तम्भ में पुष्प चक्र अर्पित कर नक्सल अभियान के दौरान शहीद जवानों की शहादत को नमन किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने एक पेड़ शहीदों के नाम अभियान अंतर्गत परिसर में पीपल का पौधा रोपा। वहीं सीएम विष्णु देव साय ने भी परिसर में शहीदों की स्मृति में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के उपरांत विजिटर बुक में अपने विचार व्यक्त करते हुये लिखा कि सुरक्षाबलों के जवानों की शहादत के लिये देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सर्किट हाउस जगदलपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को स्मृति चिन्ह के रूप में धनुष बाण भेंट किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.