बाबा के मनखे-मनखे एक समान का संदेश आज भी प्रासंगिक - सीएम साय
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कोरबा - बाबा गुरुघासीदास जी एक महान संत थे , उन्होंने मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया।
उनका यह संदेश आज भी प्रासंगिक है जो मानव को एक दूसरे से जोड़ने का काम कर रहा है।
उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सतनामी कल्याण समिति कोरबा के द्वारा तीन दिवसीय गुरु घासीदास जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुये कही। उन्होंने सभी को गुरु पर्व की बधाई और शुभकामनायें देते हुये कहा कि बाबा गुरु घासीदास के आशीर्वाद से हम सभी के सहयोग से हम छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनायेंगे। उन्होंने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने , एकजुट रहने और छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिये विकास की राह में आगे बढ़ने की बात कही। सीएम साय ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि आज बाबा गुरुघासी दास की जयंती में जगह-जगह कार्यक्रम में शामिल होने का पुण्य अवसर मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबको साथ लेकर आगे चलते हैं , उनका नारा “सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास“ है जिसे छत्तीसगढ़ की सरकार ने भी अपनाया है और इसी दिशा में सभी समाज को आगे बढ़ाने के लिये काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी से लेकर अन्य स्थानों को विकसित करने का कार्य पूर्व मुख्यमंत्री डॉ० रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया। उन्होंने कहा कि एक साल के कार्यकाल में जो भी वादा था उसे पूरा किया गया है। पीएम आवास का निर्माण , 3100 में धान खरीदी , 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान , 5500 प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता की पारिश्रमिक , 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपये और पीएससी में गड़बड़ी की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिये ट्राइबल हॉस्टल जानकारी देते हुये कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में और आगे बढ़ना होगा। हमारी नई शिक्षा नीति , उद्योग नीति गरीबों , युवाओं , अनुसूचित जाति , जनजाति , अग्निवीरो , दिव्यांगजनो के लिये फायदेमंद है। समाज उद्यम के क्षेत्र में भी आगे बढ़े और शासन की योजनाओं का लाभ उठायें। इसी कड़ी में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम मंत्री दयालदास बघेल ने सामाजिक बन्धुओं से बाबा गुरु घासीदास जी ने संदेशों को अपनाने का आव्हान किया। उन्होंने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर उद्योग-धंधे की ओर आगे बढ़ने की अपील की। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने सभी लोगों को गुरू पर्व की बधाई देते हुये कहा कि सीएम साय के नेतृत्व में राज्य का विकास किया जा रहा है। यहाँ डोम निर्माण के लिये भी राशि जारी की गई है , आने वाले दिनों में यहं भव्य डोम नजर आयेगा। उल्लेखनीय है कि समारोह में मुख्यमंत्री साय और अन्य अतिथिगण ने आरती और जैतखाम की पूजा कर ध्वजारोहण में शामिल हुये। सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गर्मजोशी से गजमाला पहनाकर स्वागत और चाँदी का मुकुट पहनाकर अभिनन्दन किया। बाबा गुरु घासीदास के तैलचित्र सहित गुलाब के फूल भेंट किये गये। मुख्यमंत्री साय ने सालिक निर्मल दिवाकर के पुस्तक ‘‘माँ की चाहत‘‘ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 90 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया और सतनामी समाज को रियायती दर पर जमीन आबंटन करने की घोषणा की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव , केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू , समाज के अध्यक्ष यू आर महिलांगे सहित अन्य समाज के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.