महामहिम राज्यपाल ने दिया जल संचयन और वृक्षारोपण पर जोर
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बेमेतरा - महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने आज बेमेतरा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुये उनकी समीक्षा की।
बैठक में राज्यपाल के सचिव सी.आर. प्रसन्ना , कलेक्टर रणबीर शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। राज्यपाल ने जिले में संचालित "अमृत सरोवर" योजना की समीक्षा करते हुये सरोवरों के आसपास पेड़ लगाने और जल संचयन के उपाय करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जल स्तर की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रामीण जनों को जल स्तर बढ़ाने और जल संरक्षण के लिये वाटर हार्वेस्टिंग के महत्व के प्रति जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से पर्यावरण संतुलन बनाये रखना अत्यंत आवश्यक है। राज्यपाल ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले को 2025 तक टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुये कार्य करें। राज्यपाल ने लाइव टीबी केस की जानकारी भी ली और जिला प्रशासन को जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया ताकि टीबी से बचाव और उपचार की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सके। उन्होंने समाज कल्याण की समीक्षा करते हुये और बेहतर काम करने ,विधवा आश्रम भवन जल्द बनवाने को कहा ताकि जरूरतमंद को आश्रय मिले। उन्होंने कहा जो कमियां है उन्हें दूर कर लिया जाये और महिला एवं बाल विकास बाल संरक्षण में एक कार्य योजना बनाये। जिसमे शिक्षक ,बच्चा और अविभावक हो , तीन अलग-अलग स्तर पर कलेक्टर से चर्चा कर बनाये। इसके अलावा राज्यपाल ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की समीक्षा भी की और टीबी उन्मूलन में रेड क्रॉस की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जिले में चल रहे सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहरी/ग्रामीण महिलाओं के कौशल का उपयोग कर उनकी और आय बढ़ाने के बारे में अच्छे आइडिया के साथ काम करें। राज्यपाल ने "माँ के नाम पर एक पेड़" अभियान की समीक्षा करते हुये अधिकारियों से कहा कि वृक्षारोपण के महत्व के बारे में नागरिकों को और जागरूक किया जाये। बैठक में सहकारी संस्थाओं की भी समीक्षा की गई , जिसमें राज्यपाल ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिये। उन्होंने शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं का विकास करने करने पर जोर देते हुये कहा कि गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिये ताकि सही समय पर पीड़ित लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके। महामहिम राज्यपाल ने कृषि विभाग की समीक्षा की , जिसमें जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के लिये चल रही गतिविधियों की जानकारी ली गई। उन्होंने कोदो फसल प्रदर्शन और जैविक खेती मिशन के अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी समीक्षा की। इसके पहले महामहिम राज्यपाल रमेन डेका के आज बेमेतरा पहुंचने पर कलेक्टर रणबीर शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने गुलदस्ता भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। महामहिम राज्यपाल ने बेमेतरा कलेक्ट्रेट परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा भरा बनाने सभी को अपने आसपास पौधे लगाने के लिये प्रेरित भी किया। इसके अलावा उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में दो दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल और हेलमेट प्रदान किये। राज्यपाल डेका ने इस दौरान दिव्यांगजनों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की और कहा कि सरकार दिव्यांग व्यक्तियों को सक्षम बनाने और उनकी गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिये हर संभव प्रयास कर रही है।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.