150 गोवंश के साथ पकड़े गए लोग, गांव में बढ़ी हलचल — प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला अंतर्गत हथबंद थाना क्षेत्र के ग्राम कुकराचुंदा में हाल ही में लगभग 150 गोवंश संदिग्ध हालात में पाए जाने से पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। ग्रामीणों की सतर्कता से मामले का खुलासा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जाता है कि गोवंश को पैदल मार्ग से ले जाया जा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों के पास परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज नहीं होने की बात सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जबकि अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में यह सिलसिला थम नहीं पा रहा है। घटना के बाद गांव में सुरक्षा और निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इधर, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि यदि सीमावर्ती और संवेदनशील मार्गों पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए तो ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में पशु सुरक्षा, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता जैसे मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.