होली पर्व को लेकर थाना सिमगा में शांति समिति की विस्तृत बैठक आयोजित
सिमगा। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 27 फरवरी 2026 को थाना सिमगा परिसर में शांति समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, ग्राम पंचायतों के सरपंच, क्षेत्र के कोटवार, व्यापार मंडल के सदस्य एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने उपस्थितजनों को शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि, जबरन रंग लगाने, हुड़दंग, नशाखोरी या अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अतुल सेते ने अपने संबोधन में कहा कि त्योहारों के दौरान सामाजिक समरसता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण, यातायात व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आयोजकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यक्रम संपन्न करने एवं प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे। बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि होली पर्व के दौरान पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने होली पर्व को शांति, सद्भाव एवं पारस्परिक सम्मान के साथ मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन एवं नागरिकों के आपसी सहयोग के आश्वासन के साथ बैठक का समापन किया गया।
CNI News सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.