नेवाधा में राजस्व पखवाड़ा आयोजित, जनप्रतिनिधियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सिमगा:- शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे राजस्व पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत ग्राम नेवाधा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बबलू पटेल एवं सहकारी समिति के अध्यक्ष धन्ना निषाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ हुई। शिविर में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खसरा-नक्शा त्रुटि सुधार, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र से जुड़े प्रकरणों सहित विभिन्न राजस्व मामलों की सुनवाई की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही जांच कर आवश्यक कार्यवाही की गई।
जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बबलू पटेल ने कहा कि राजस्व पखवाड़ा का उद्देश्य आमजन को उनके गांव में ही त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सहकारी समिति के अध्यक्ष धन्ना निषाद ने कहा कि किसानों एवं ग्रामीणों की जमीन से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने दस्तावेज पूर्ण रूप से प्रस्तुत करें, जिससे कार्यवाही में किसी प्रकार की देरी न हो।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों के संधारण, डिजिटल रिकॉर्ड अद्यतन एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
शिविर में संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। राजस्व पखवाड़ा के माध्यम से प्रशासन द्वारा गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने की पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहा।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.