बछेरा के आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया वजन तिहार के जरिए बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर
बलौदाबाजार जिले के सिमगा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बछेरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में वजन तिहार कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना तथा कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत बच्चों का वजन मापकर उनकी पोषण स्थिति का आकलन किया गया। वजन के आधार पर बच्चों को सामान्य, मध्यम कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित श्रेणी में वर्गीकृत कर आवश्यक सलाह दी गई।
अभिभावकों को संतुलित आहार, हरी सब्जियों, दाल, चावल, दूध एवं फल के नियमित सेवन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही साफ-सफाई, हाथ धोने की आदत, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सुपरवाइजर लीला वर्मा ने कहा कि वजन तिहार जैसे कार्यक्रम बच्चों के समुचित शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक बच्चे की नियमित मॉनिटरिंग करें और जिन बच्चों का वजन कम है, उनके अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन दें।
कार्यक्रम में सरपंच प्रभा विजयप्रकाश साहू ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजें ताकि उन्हें पूरक पोषण आहार, टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही मजबूत समाज की नींव होते हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विद्या साहू एवं मनीषा तिवारी ने बच्चों का वजन लिया और अभिभावकों को पोषण आहार की जानकारी दी। सहायिका अन्नपूर्णा ध्रुव एवं मुन्नी यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया तथा सभी अभिभावकों को कुपोषण के लक्षणों एवं उसके बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वजन तिहार के माध्यम से गांव में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया गया।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.