भटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
भटगांव सारंगढ़ बिलाईगढ। क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को 6 किलो गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ-साथ एक मोटरसाइकिल भी जप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 18 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल में गांजा लेकर भटगांव की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रंजू साहू (36 वर्ष), निवासी बलगी शांतिनगर थाना बाकी मोगरा जिला कोरबा एवं लक्ष्मण दास मानिकपुरी (36 वर्ष), निवासी नवागांव थाना कटघोरा जिला कोरबा बताया।
पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में रखे लाल रंग के बैग एवं डिक्की से प्लास्टिक में पैक 6 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपए है। इसके अलावा आरोपियों से एक यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 40 हजार रुपए) भी जप्त की गई। इस प्रकार कुल जप्त सामग्री की कीमत 70 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, सहायक उप निरीक्षक बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक खेलावन बघेल, राहुल खूंटे, अमित चौहान, लक्ष्मीकांत तांज्य सहित समस्त थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.