आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया महिला थाना का शुभारंभ
जिले में गठित महिला कमांडो टीम की हुई प्रशंसा
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुये आज पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा फीता काटकर महिला थाना जांजगीर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में आईजी द्वारा परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को उनके उत्कृष्ट कार्य , समर्पण एवं समाज में पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु किये जा रहे सराहनीय प्रयासों के लिये प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ने काउंसलरों के भूमिका की प्रशंसा करते हुये कहा कि उनका योगदान समाज में पारिवारिक समरसता एवं सौहार्द बनाये रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों ने भी काउंसलरों के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान आईजी ने उपस्थित महिला कमांडो टीम की सराहना करते हुये उनके सहयोग और उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की। वहीं पुलिस महानिरीक्षक ने जिले के प्रेस प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण भेंट कर पुलिस की प्राथमिकताओं और महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को साझा किया। उन्होंने कहा कि महिला थाना ना केवल महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण में सहायक होगा , बल्कि उन्हें एक सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण भी प्रदान करेगा। इसके अलावा आईजी ने बताया कि आम नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा “संचार साथी” मोबाइल एप एवं पोर्टल शुरू किया गया है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपयोगकर्ता संदिग्ध कॉल , एसएमएस व व्हाट्सएप मैसेज की शिकायत “चक्षु” सुविधा से कर सकते हैं , वहीं CEIR के जरिये खोये या चोरी हुये मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज कर IMEI ब्लॉक कराया जा सकता है। पोर्टल पर TAFCOP सुविधा के माध्यम से आधार से जुड़े अनजान मोबाइल नंबरों की जानकारी लेकर उन्हें ब्लॉक किया जा सकता है। साथ ही Genuineness of Mobile Handset से सेकंड हैंड मोबाइल की सत्यता जांची जा सकती है। उपयोगकर्ता फर्जी इंटरनेशनल कॉल्स को ब्लॉक करने , अपने क्षेत्र के इंटरनेट सेवा प्रदाताओं की जानकारी प्राप्त करने तथा Trusted Contact Details के जरिये बैंक/वित्तीय संस्थाओं के सत्यापित संपर्क विवरण भी प्राप्त कर सकते हैं। यह एप Android एवं iOS प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है , जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान करना है। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सायबर थाना जांजगीर का निरीक्षण प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं , उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों तथा सायबर अपराधों की जांच प्रक्रिया का गहनता से अवलोकन किया। आईजी ने दर्ज प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुये शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के संकलन , विश्लेषण एवं सुरक्षित रख-रखाव की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिये। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुये आईजी ने सायबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के मद्देनजर तकनीकी दक्षता बढ़ाने , नवीनतम सॉफ्टवेयर एवं टूल्स का प्रभावी उपयोग करने तथा टीमवर्क को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। साथ ही आम नागरिकों को सायबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिये अभियान चलाने के निर्देश भी दिये ताकि ऑनलाइन ठगी , फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। आईजी ने साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण किया , जहां उन्होंने उपस्थित नागरिकों को साइबर जागरूकता , साइबर धोखाधड़ी से बचाव एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि कीप तुरंत सूचना पुलिस को दें। इस दौरान आईजी ने जिले के आदिवासी गोड़ समाज के लोगों से भेंट किया , समाज के द्वारा शराब बनाना छोड़ स्वरोजगार की राह अपनाने की उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने जिले के गणमान्य नागरिकों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर आईजी ने नागरिकों द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे उत्कृष्ट कार्यों , सामाजिक सेवाओं और योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि ऐसे नागरिक समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी सेवायें युवाओं के लिये प्रेरणा का स्रोत हैं। सम्मानित नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किये और समाज में सुधार एवं सहयोग की दिशा में अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। आईजी ने इस अवसर पर कहा कि समाज के हर वर्ग का सहयोग और सक्रिय भागीदारी पुलिस एवं प्रशासनिक कार्यों को भी प्रभावी बनाने में सहायक होती है। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित नागरिकों को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये , जिससे उनके योगदान को मान्यता और प्रोत्साहन मिला। इस गरिमामयी अवसर पर जांजगीर चांपा जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे , जांजगीर चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय , सक्ति जिला के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात जांजगीर उदयन बेहार , डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा , एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी , सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे , डीएसपी अजाक सतरूपा तारम , रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गणमान्य , नागरिकगण उपस्थित थे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.