सामुदायिक पुलिसिंग से किया जा रहा पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत - एसपी विजय पाण्डेय
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस अधीक्षक ने थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम अमोरा (महंत) पहुंचकर ग्रामीणों एवं महिलाओं के साथ संवाद किया और महिलाओं को समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता के लिये आगे आने के लिये प्रेरित किया। इसी क्रम में पचास महिला कमांडो टीम का गठन किया गया , जिसमें ग्राम की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है। इस टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा , सामाजिक जागरूकता बढ़ाना , किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना तथा महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला कमांडो टीम को उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीम गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी , आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देगी तथा समाज में अपराध और नशे जैसी बुराईयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी करेगी। इस अवसर पर महिला कमांडो टीम की पहचान एवं कार्य में सहयोग के लिये उन्हें टोपी और सीटी भी वितरित की गईं , ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुये लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है , जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी महिला कमांडो टीम के गठन की सराहना करते हुये कहा कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि , गणमान्य नागरिक , ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुये पुलिस विभाग को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और महिलाओं ने भी समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता के लिये सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उपरोक्त कार्यक्रम में निरीक्षक कमलेश सेंडे थाना प्रभारी नवागढ़ एवं थाना स्टाफ भी उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.